Betul News: बैतूल में दर्दनाक सड़क हादसा: दो बाइकों की टक्कर में किसान की मौत, तीन घायल
written by Denva Post Bureau | 14/04/2026
बैतूल। नागपुर नेशनल हाईवे पर बीती देर रात एक भीषण सड़क हादसे में एक किसान की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा बानूर खापा के पास एक ढाबे के नजदीक हुआ, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
तेज टक्कर में सड़क पर जा गिरे सवार प्राप्त जानकारी के अनुसार, झिरी खापा निवासी 36 वर्षीय सुखराम भूरा अपने साथी तुलसीदास मस्कोले के साथ ससुंद्रा क्षेत्र से लौट रहे थे। रास्ते में वे बानूर खापा के पास एक ढाबे पर रुके थे। इसी दौरान देर रात सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों पर सवार लोग सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित हादसे में सुखराम भूरा के सिर में गंभीर चोट आई। उन्हें तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं गणेश सहित अन्य घायलों का इलाज जारी है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़ परिजनों के अनुसार, मृतक सुखराम भूरा खेती-किसानी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे और परिवार के सबसे बड़े सदस्य थे। उनकी असमय मौत से पूरे परिवार में शोक का माहौल है।
पुलिस जांच में जुटी सोमवार को जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
परिजन।
बैतूल में RSS प्रचारक पर हमले के बाद फैला सांप्रदायिक तनाव, कई दुकानों में तोड़फोड़ – पुलिस ने हालात किए काबू में
written by Deepak Sharma | 14/04/2026
मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के मुलताई शहर में गुरुवार शाम को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के जिला प्रचारक शिशुपाल यादव के साथ हुई मारपीट के बाद सांप्रदायिक तनाव फैल गया। घटना के बाद हिन्दू संगठनों में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए। इस दौरान कुछ स्थानों पर तोड़फोड़ की घटनाएं भी सामने आईं, जिससे शहर में माहौल तनावपूर्ण हो गया।
सूत्रों के अनुसार, गुरुवार शाम (RSS) संघ प्रचारक यादव बाइक से किसी काम के लिए निकले थे। जब वे जैन कोल्ड ड्रिंक के पास बाइक मोड़ रहे थे, तभी कुछ मुस्लिम समुदाय के युवक वहां पहुंचे और उनकी बाइक को कट मार दिया। इस मामूली विवाद ने देखते ही देखते बड़ा रूप ले लिया। दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद हाथापाई शुरू हो गई।
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि संघ प्रचारक पर हमला होने की खबर फैलते ही आसपास के इलाके के हिन्दू संगठन के लोग मौके पर पहुंच गए और विरोध-प्रदर्शन करने लगे। कुछ आक्रोशित युवकों ने मुस्लिम मोहल्ले में जाकर दुकानों में तोड़फोड़ कर दी।
तनावपूर्ण हालात और पुलिस की कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलते ही बैतूल पुलिस प्रशासन हरकत में आया। बैतूल एसपी वीरेंद्र जैन ने कहा कि “स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है। RSS प्रचारक यादव को कोई गंभीर चोट नहीं आई है। बाइक से कट लगने को लेकर हुए विवाद के बाद हाथापाई हुई थी।”
पुलिस ने तीन युवकों को हिरासत में लिया है, हालांकि उनकी पहचान अभी सार्वजनिक नहीं की गई है। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। शहर में शांति बनाए रखने के लिए बैतूल कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी, एएसपी कमला जोशी, और एसडीओपी मुलताई खुद मौके पर पहुंचे। थाना परिसर और प्रभावित इलाकों में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
मारपीट की शुरुआत कैसे हुई?
जानकारी के मुताबिक, विवाद की शुरुआत बाइक को कट मारने से हुई थी। उसी दौरान एक दुकान से कुछ लोगों ने स्टील पाइप भी बाहर निकाल लिए थे, जिससे माहौल और बिगड़ गया। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि पाइप मारपीट के लिए निकाले गए थे या किसी अन्य कारण से। देखते ही देखते दोनों समुदायों के लोग सड़क पर उतर आए। नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन के बीच पुलिस को भीड़ को नियंत्रित करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
एसपी वीरेंद्र जैन ने कहा, “मुलताई में स्थिति अब सामान्य है। लोगों को समझाइश दी गई है। आरएसएस (RSS) प्रचारक सुरक्षित हैं। किसी को गंभीर चोट नहीं आई है। पुलिस हर संवेदनशील इलाके में निगरानी रख रही है।”
वहीं, कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद शहर में तनाव को देखते हुए प्रशासन ने गुरुवार की रामलीला स्थगित करने का निर्णय लिया। रामलीला समिति के संचालक संजय अग्रवाल ने बताया कि “आज राम वनवास प्रसंग का मंचन होना था, लेकिन हालात को देखते हुए कार्यक्रम रद्द कर दिया गया है।”
पुलिस बल ने मुस्लिम बहुल क्षेत्रों और रामलीला मैदान के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी है। किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए मुख्य बाजार क्षेत्रों में गश्त बढ़ा दी गई है।
शहर में शांति की अपील
स्थानीय जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने लोगों से शांति और संयम बनाए रखने की अपील की है। उनका कहना है कि किसी भी छोटी घटना को साम्प्रदायिक रंग देना समाज के लिए घातक हो सकता है।
मुलताई नगर परिषद के एक वरिष्ठ पार्षद ने कहा — “यह घटना आपसी समझ की कमी का परिणाम है, इसे बड़ा मुद्दा न बनाया जाए। प्रशासन को दोषियों पर कार्रवाई करनी चाहिए ताकि शहर की सौहार्दपूर्ण छवि बनी रहे।”
बैतूल जिले का मुलताई शहर, जो अब तक शांतिप्रिय क्षेत्र के रूप में जाना जाता था, गुरुवार शाम अचानक तनाव का केंद्र बन गया। आरएसएस (RSS) प्रचारक के साथ हुई मारपीट ने प्रशासन की चौकसी की परीक्षा ले ली। हालांकि पुलिस की तत्परता से स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन यह घटना दिखाती है कि छोटी सी बहस भी अगर साम्प्रदायिक रंग ले ले, तो हालात कितनी जल्दी बिगड़ सकते हैं। फिलहाल प्रशासन ने दोनों पक्षों को समझाइश देकर अलग कर दिया है और शहर में शांति बहाली के प्रयास जारी हैं।
Betul News : सारनी में स्व-सहायता समूह सम्मेलन आज, सीएम देंगे 464.55 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
written by Denva Post Bureau | 14/04/2026
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुधवार को बैतूल जिले के सारणी में आयोजित स्व-सहायता समूहों के सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस अवसर पर वे जिले के विकास को नई दिशा देने वाले 464.55 करोड़ रुपये की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता केंद्रीय राज्य मंत्री और बैतूल सांसद दुर्गादास उईके तथा प्रदेश शासन के लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल करेंगे। यह आयोजन बैतूल जिले के लिए सामाजिक, आर्थिक और बुनियादी ढांचे के विकास की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
Betul News : पति-पत्नी के बीच विवाद रोकने आए पोते ने दादा को मार डाला
written by Denva Post Bureau | 14/04/2026
बैतूल जिले के झल्लार थाना क्षेत्र के कोटमी गांव से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसमें पारिवारिक रिश्तों को शर्मसार करते हुए एक पोते ने अपने दादा की जान ले ली। यह घटना बुधवार की रात की है, जब आरोपी नशे की हालत में घर लौटा।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, 24 वर्षीय ईश्वर परते ने अपने दादा मलकू परते की कुकर से वार कर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था जो धीरे-धीरे हिंसक रूप ले गया। नशे में धुत पोते ने आपा खोते हुए दादा पर हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने से वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही झल्लार थाना पुलिस ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर आरोपी को हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए बैतूल से एफएसएल की टीम ने पहुंचकर साक्ष्यों की गहराई से जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल, आरोपी पुलिस की अभिरक्षा में है और मामले की तफ्तीश जारी है। घटना ने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया है और लोगों में दुख के साथ-साथ आक्रोश भी व्याप्त है।
Betul News : नकली सोने के सिक्के बेचकर करोड़ों की ठगी करने वाले गिरोह के दो आरोपी गिरफ्तार
written by Denva Post Bureau | 14/04/2026
मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली। बीजादेही थाना पुलिस ने देशभर में नकली सोने की गिन्नियां बेचकर ठगी करने वाले एक अंतर्राज्यीय संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से भारी मात्रा में नकली गिन्नियां और अन्य सामग्री बरामद की है।
बैतूल जिले के बीजादेही थाना अंतर्गत पुलिस ने एक अहम कार्रवाई करते हुए ऐसे अंतर्राज्यीय ठग गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जो नकली सोने की गिन्नियों के सहारे देशभर के ग्रामीण इलाकों में लोगों को ठगता था। इस गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को 6 अप्रैल 2025 को गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से 250 नकली गिन्नियां, दो मोबाइल फोन और नकली आभूषण बरामद किए गए।
जानकारी के अनुसार पांच अप्रैल को झिरियाडोह के जंगल क्षेत्र में कुछ अज्ञात लोगों द्वारा ग्रामीणों को असली बताकर नकली गिन्नियां ऊंचे दाम पर बेचने की सूचना पुलिस को मुखबिर से मिली थी। फरियादी की शिकायत पर थाना बीजादेही में भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 318(2), 338, 336(3), 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने दो आरोपी रूप सिंह, उम्र 40 वर्ष, निवासी ग्राम झिरनापुरा, थाना सिवनी मालवा, जिला नर्मदापुरम और अजीत राठौड़ (पारधी), उम्र 40 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 10, जेल के पीछे, सिवनी मालवा, जिला नर्मदापुरम को गिरफ्तार किया है।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि यह गिरोह सार्वजनिक स्थानों जैसे बस स्टैंड, मंदिर और ट्रेन स्टेशनों पर भोले-भाले लोगों से संपर्क कर उन्हें झांसे में लेता है। गिरोह पहले एक असली गिन्नी दिखाकर भरोसा जीतता है, फिर नकली गिन्नियों की बड़ी खेप सौंपकर ठगी करता है। यह ठगी आमतौर पर जंगलों या संचारविहीन इलाकों में होती है, जहां पकड़े जाने की संभावना कम रहती है। एक पीड़ित ने बताया कि उसे 90 हजार रुपये में नकली गिन्नियां थमा दी गईं, जिनमें से एक जांच में असली पाई गई थी, जिससे विश्वास बना। आरोपियों द्वारा लेन-देन में नकद राशि की मांग की जाती थी और ऑनलाइन ट्रांजेक्शन से बचा जाता था।
फिलहाल, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें बनाई गई हैं। पुलिस अधीक्षक निश्चल एन. झारिया और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई अंजाम दी गई। पुलिस का कहना है कि इस तरह की धोखाधड़ी मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में की जा चुकी है।
Betul Crime News : युवक की हत्या कर शव जलाने के आरोप में छह आरोपी गिरफ्तार
written by Denva Post Bureau | 14/04/2026
मध्य प्रदेश के बैतूल में पुलिस ने हत्या के एक मामले का खुलासा किया। एक साल पहले हुई घटना के प्रतिशोध में आरोपियों ने एक युवक की हत्या कर शव को जला दिया था। पुलिस ने डीएनए परीक्षण के माध्यम से मृतक की पहचान की और छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार दस दिसंबर 2024 को वन विभाग ने शाहपुर थाना क्षेत्र में सूचना दी कि अर्जुनगोंदी जंगल में स्थित जठान देव मंदिर के पास एक नाले में जली हुई मानव खोपड़ी मिली है। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की। वहां जले हुए शव के अवशेष, हड्डियां और एक स्टील का कड़ा बरामद किया हुआ। सभी साक्ष्यों को वैज्ञानिक तरीके से संकलित कर फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराई गई।
तभी बैतूल कोतवाली में रिंकेश चौहान नामक युवक की गुमशुदगी दर्ज थी। परिजनों ने बताया कि वह हमेशा अपने हाथ में स्टील का कड़ा पहनता था। पुलिस ने डीएनए परीक्षण के लिए मृतक के परिजनों के नमूने लिए और जांच के बाद पुष्टि हुई कि शव रिंकेश चौहान का था। पुलिस जांच में सामने आया कि एक साल पहले आरोपी आशीष परते के साथ मारपीट की गई थी। इस घटना का वीडियो वायरल होने से आशीष और उसका परिवार आहत था। उस समय मृतक रिंकेश चौहान इस घटना में शामिल था और जमानत पर बाहर था।
30 नवंबर 2024 को रिंकेश न्यायालय में पेशी के बाद मुलताई मेले में गया और फिर झिटापाटी गांव में अपने दोस्त गब्बर के घर रुका। इस जानकारी को आरोपी आशीष के भतीजे नितिन ने साझा किया, जिससे रिंकेश की लोकेशन का पता चला। इसके बाद आरोपियों ने उसे अगवा करने की योजना बनाई और बेरहमी से पीटा। आरोपी आशीष परते, नितिन, प्रदीप, मनीष, शिवा धुर्वे, एक नाबालिग और ड्राइवर मिंचू ने मिलकर रिंकेश को पकड़ लिया। उसे पाढर वाइन शॉप के पीछे स्थित टेकरी पर ले जाकर दिनभर प्रताड़ित किया गया। शाम होते ही आशीष ने टायर और 15 लीटर डीजल की व्यवस्था की। आरोपियों ने रिंकेश को जंगल में जठान देव मंदिर के पास ले जाकर फिर से पीटा और उसकी हत्या कर दी। बाद में शव को लकड़ियों और टायरों के नीचे रखकर डीजल डालकर आग लगा दी और मौके से फरार हो गए।
लगभग चार महीने की गहन जांच के बाद पुलिस ने सभी छह आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। उनके खिलाफ सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया है।बैतूल एसपी निश्चल एन झारिया का कहना है कि अर्जुनगोंदी के जंगल में जली हुई खोपड़ी और हड्डियां मिली थीं। डीएनए परीक्षण के आधार पर मृतक की पहचान की गई। जांच में पता चला कि हत्या एक साल पहले वायरल हुए वीडियो से उपजी रंजिश के कारण की गई थी। मामले में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
Betul News : कक्षा 5वीं की बोर्ड परीक्षा में नकल कराए जाने पर,केंद्राध्यक्ष और सहायक केंद्राध्यक्ष भी निलंबित
written by Deepak Sharma | 14/04/2026
भीमपुर विकासखंड के परीक्षा केन्द्र एकीकृत माध्यमिक शाला कासमारखण्डी में 25 फरवरी को कक्षा 5वीं की बोर्ड परीक्षा के दौरान माध्यमिक शिक्षकों द्वारा नकल कराए जाने का मामला सामने आया था। इस मामले को कलेक्टर श्री नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने गंभीरता से लिया है। कलेक्टर श्री सूर्यवंशी द्वारा केंद्राध्यक्ष बलदेव सलामे माध्यमिक शिक्षक देसली और सहायक केंद्राध्यक्ष सोमलाल सलामे सहायक शिक्षक नवीन मा.शा. पाली को अपने दायित्व का निर्वहन नहीं करने के कारण मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम 9 निलंबित कर अनुशासनात्मक कार्यवाही प्रारंभ कर दी है।
Betul News : MP बोर्ड परीक्षा में खुलेआम प्रश्न पत्र हल कर रही थी टीचर
written by Deepak Sharma | 14/04/2026
मध्यप्रदेश (Madhya Pradesh) में बोर्ड एग्जामboard exam शुरू है और इसी बीच बैतूल से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। मंगलवार हुए एमपी बोर्ड के 5वीं कक्षा के परिक्षा केंद्र का ये नजारा हर किसी को हैरान कर दिया है। दरअसल, 25 फरवरी को एमपी बोर्ड के 5वीं कक्षा के स्टूडेंट का गणित का पेपर था और वही परीक्षा केंद्र पर मौजूद टीचर ब्लैकबोर्ड पर पूरे पेपर को हल करने लगी थी। घटना का वीडियो सामने आते ही ये मामला चर्चा का विषय बन गया है।
एमपी में बोर्ड परिक्षाएं शुरू है जहां कक्षा 5वीं , 8वीं, 10वीं और 12वीं की परिक्षाएं MPBSE बोर्ड द्वारा जारी की गई गाइडलाइन के मुताबिक ली जा रही है। वहीं 24 फरवरी से शुरू 5वीं कक्षा के बोर्ड एग्जाम के परीक्षा केंद्र से ऐसी तस्वीर सामने आई है जो केंद्र की कड़ी सुरक्षा पर कई बडे़ सावल खड़ा कर रहा है।
दरअसल, बैतूल के भीमपुर ब्लॉक के कासमारखण्डी गांव में एमपी बोर्ड के 5वीं कक्षा का एग्जाम चल रहा था। इस दिन गणित का पेपर था। इसी बीच केंद्र पर मौजूद एक शिक्षिका, खुलेआम पूरे प्रश्न पत्र को बोर्ड पर हल करवा रही थी।किसी ने इस घटना का वीडियो बना इसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया जिसके बाद से लोगों की कई सारी प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। कई अभिभावक इस दृश्य को देखकर बच्चों के भविष्य के बारे में चिंता कर रहे तो कई ऐसी टीचर की डिमांड अपने परीक्षा केंद्र पर कर रहे हैं।
वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होते ही जिला कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने तुरंत इस पर एक्शन लिया और मामले पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जिसके बाद से शिक्षिका को सस्पेंड कर दिया गया है और वहीं इस घटना पर केंद्र अध्यक्ष से पूछताछ जारी है। शिक्षिका की पहचान संगीता विश्वकर्मा को रूप में हुई है। स्थानीय मीडिया बेवसाइट के अनुसार, संगीता सेटेलाइट स्कूल गवाड़ीढाना में प्राइमरी टीचर के पद पर कार्यरत थीं।
27 फरवरी से एमपी बोर्ड के 10 वीं की बोर्ड परिक्षाएं भी शुरू हो गई हैं। परीक्षा की शुरूआत हिंदी पेपर से हो रही है। MPBSE द्वारा जारी गाइडलाइन के अनुसार परीक्षा निर्धारित समय सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक चलेंगी। बताया जा रहा कि प्रदेश के लाखों छात्र बताए गए केंद्र पर अपनी 10 वीं की बोर्ड परीक्षा देने पहुंचे हैं।