Murena News : ट्रैक्टर ट्रॉली पलटने से देवर-भाभी व एक अन्य महिला की मौत

मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के नूराबाद थाना क्षेत्र में करह धाम के पास मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। धाम के पास श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे जेठ और बहू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस हादसे में 24 लोग घायल हुए हैं, जिनमें 9 बच्चे भी शामिल हैं। तीन गंभीर घायलों को ग्वालियर रेफर किया गया है।

धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे

पुलिस के अनुसार, कैलारस थाना क्षेत्र के हटीपुरा और रिठोनिया गांव के निवासी बानमोर में एक रिश्तेदार के यहां आयोजित धार्मिक कार्यक्रम जैमाई में शामिल होने के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर जा रहे थे। जैसे ही ट्रॉली करह धाम आश्रम के पास पहुंची, ड्राइवर का नियंत्रण वाहन से हट गया और ट्रॉली सड़क पर लहराते हुए पलट गई। ट्रॉली में करीब 30-35 लोग सवार थे, जिनमें से कई उसके नीचे दब गए।

मौके से फरार हुआ ड्राइवर

हादसे के बाद हटीपुरा निवासी ट्रैक्टर चालक खिलाड़ी धाकड़ मौके से फरार हो गया। हादसे के समय मौके से गुजर रहे राहगीरों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और पुलिस व एम्बुलेंस को सूचना दी। घायलों को जिला अस्पताल मुरैना लाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद तीन की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें ग्वालियर रेफर किया गया।

यह है करह धाम की मान्यता

करह धाम मुरैना ही नहीं, बल्कि आसपास के जिलों में भी प्रसिद्ध है। यहां रामरतन महाराज उर्फ पटिया वाले बाबा का आश्रम स्थित है, जहां 24 घंटे सियाराम की धुन और अखंड रामायण का पाठ चलता रहता है। मान्यता है कि यहां स्थित एक कुएं का पानी पीने से कुत्ते के काटने का उपचार हो जाता है।

घायल




Mp News : शिवपुरी में महिला ट्रेन से गिरी, पति ने उसे अस्पताल पहुंचाया, पहुंचने पर मृत घोषित किया गया

मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के रातौर रोड रेलवे ट्रैक के पास बीती रात एक हैरान करने वाली घटना घटी। ट्रेन में सफर कर रही एक नवविवाहिता उल्टी करते समय नीचे गिर गई। पता चलते ही पति ने चेन खींचकर ट्रेन रोकी और करीब एक किमी पीछे गया, वहां पत्नी घायल हालत में पड़ी थी। पति ने पत्नी को गोद में उठाकर दौड़ लगाई और फिर जैसे-तैसे जिला अस्पताल पहुंचा। लेकिन, डॉक्टरों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

16 अप्रैल को हुई थी शादी

जानकारी के अनुसार, ग्वालियर के रहने वाले एडवोकेट विकास जोशी की शादी 16 अप्रैल 2025 को शिवानी शर्मा से हुई थी। शिवानी उरई (जालौन) की रहने वाली थी, वह एलएलबी की छात्रा थी। पति के साथ वह परीक्षा देने के लिए उरई गई थी। परीक्षा के बाद मंगलवार को दोनों ग्वालियर लौटे और बुधवार शाम ट्रेन से इंदौर के लिए रवाना हुए थे।

पत्नी नीचे गिरी, चेन खींचकर कूदा पति

विकास ने बताया कि वह इंदौर में रहकर वकालत करता है। वह अपनी पत्नी शिवानी के साथ मंगलवार रात ट्रेन से इंदौर जा रहे थे। रात करीब 9 बजे शिवपुरी रेलवे स्टेशन से ट्रेन कुछ दूर निकल चुकी थी। इस दौरान शिवानी को उल्टी आने लगी तो वह कोच के गेट के पास खड़ी हो गई। उल्टी होने पर वह (विकास) पानी लेने अपनी सीट पर आ गया, वह वापस गेट पर पहुंचा तो शिवानी नहीं थी। पास खड़े एक यात्री ने बताया कि महिला का पैर फिसल गया और वह नीचे गिर गई। यह सुनते ही विकास ने ट्रेन की चेन खींची और नीचे कूद गया।

अंधेरे में ही अपनी पत्नी की तलाश की

एडवोकेट विकास ने पुलिस को बताया है कि ट्रेन करीब एक किलोमीटर आगे निकल गई थी। नीचे उतर वह पीछे की तरफ दौड़ा। अंधेरे में उसने पत्नी शिवानी को तलाश किया और गोट में उठाकर रातौर क्रॉसिंग के पास सड़क पर ले आया। वहां एक कार सवार ने मदद की और उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया। लेकिन, जांच के बाद डॉक्टरों ने शिवानी को मृत घोषित कर दिया।

आधी दूरी तक गोद में पत्नी को उठाकर लाया पति

विकास ने बताया कि घटना की सूचना के बाद भी जीआरपी ने उसकी कोई मदद नहीं की। वह खुद ही अंधेरे में पत्नी को देखता रहा। उसके मिलने के बाद, उसने पत्नी को गोद में उठाकर आधी दूरी तय की। बाद में जीआरपी वाले आए और नियम-कानून की बात कर पूरे मामले में कागजों पर साइन करने के लिए कहा, जबकि उस समय पत्नी को इलाज की जरूरत थी। इसके बाद बड़ी मुश्किल से एक कार वाला मिला, जिसमें हमें अस्पताल पहुंचा।




Sehore News : सीहोर के बिलकिसगंज में बोलेरो पुल से टकराई, भोपाल के हेड कांस्टेबल की मौत

सीहोर के बिलकिसगंज क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में भोपाल सीआईडी थाना में पदस्थ प्रधान आरक्षक की मौत हो गई। यह हादसा ढाबला केलबाड़ी के पास कुलांस नदी के पुल पर हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए। लोगों ने वाहन में सवार प्रधान आरक्षक को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार, बिलकिसगंज के ग्राम ढाबला केलबाड़ी के पास बने कुलांस नदी के पुल पर शनिवार को सड़क हादसा हो गया। चालक ने बोलेरो गाड़ी पर नियंत्रण खो दिया और वह पुल से टकरा गई। गाड़ी की रफ्तार इतनी तेज थी कि उसके परखच्चे उड़ गए। हादसे में वाहन चालक की मौके पर ही मौत हो गई।

ग्रामीणों ने बताया कि बोलेरो बिलकिसगंज से सीहोर की तरफ जा रही थी, इस दौरान वह पुल से टकरा गई। गाड़ी में ड्राइवर के अलावा कोई नहीं था। ड्राइवर पहचान अनिल यादव (46) निवासी 17वीं बटालियन, सरस्वती नगर, भिंड के रूप में हुई है। वे वर्तमान में भोपाल में सीआईडी थाना में प्रधान आरक्षक थे। हादसे के बाद मार्ग से निकल रहे लोगों ने प्रधान आरक्षक को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। साथ ही बिलकिसगंज पुलिस को हादसे की सूचना दी।

ग्रामीणों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया

स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि दुर्घटना के समय गाड़ी में अनिल यादव अकेले थे। हादसे के बाद ग्रामीण उन्हें बिलकिसगंज के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। ग्रामीणों के अनुसार, बोलेरो में सवार प्रधान आरक्षक वाहन को काफी तेजी से चला रहे थे। पुलिस संभावना व्यक्त कर रही है कि संभवतः किसी वाहन या जानवर के सामने आ जाने पर प्रधान आरक्षक ने गाड़ी पर नियंत्रण खो दिया। इसके चलते उनका वाहन पुल से टकरा गया।

पुलिस कर रही जांच

एसडीओ पूजा शर्मा ने बताया कि मृतक भोपाल सीआईडी थाना में पदस्थ प्रधान आरक्षक थे। घटना की सूचना मिलते ही बिलकिसगंज पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर मर्ग कायम कर लिया है, मामले की जांच कर रही है।

इस तरह से बोलेरो गाड़ी के परखच्चे उड़ गए

इस तरह से बोलेरो गाड़ी के परखच्चे उड़ गए




सोल्डर में मिट्टी डालकर फैलाना भूला PMGSY, आए दिन हो रही है छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं …

माखन नगर से शुक्करवाड़ा कलां जाने वाली सड़क के दोनों ओर सोल्डर मेंटनेंस का काम चल रहा हैं। सड़क सोल्डर की रिपेयरिंग के डाले गई मिट्टी अब लगातार दुर्घटना का बड़ा कारण बनते जा रही है। वैसे तो रोज ही यह देखने को मिल रहा है लेकिन इसका एक उदाहरण शुक्रवार को फिर देखने मिला जहां बगलोंन रोड के पास एक ऑटो पलट गया। वहीं कल ऐसी ही एक घटना बज्जरवाड़ा में देखने को मिली थी जहां ऑटो पलट गया था। PMGSY विभाग की इस कदर लापरवाही है कि उक्त सड़क के दोनों किनारों पर खानापूर्ति के लिए मिट्टी तो ठेकेदार ने डाल दी पर उसे फैलाना में लापरवाही हो रही है।

ये खबर भी पढ़िए : ठेकेदार की लापरवाही बन रही हादसों का कारण

ठेकेदार को निर्देशित करेंगे

PMGSY अधिकारी मनोज चौधरी ने DENVAPOST को बताया कि मुझे जानकारी मिली है कि ठेकेदार ने कई जगह मिट्टी को फैलाया नहीं है। उसे निर्देशित करेंगे कि जल्द से जल्द मिट्टी को फैलाए।




Sehore News : हाईवे पर फिसली बाइक, पीछे से आ रहे ट्रक ने पति को कुचला, पत्नी बाल-बाल बची

भोपाल-इंदौर हाईवे स्थित दरबार ढाबे के समीप बाइक सवार पति-पत्नी बीच सड़क पर फिसलकर नीचे गिर गए। पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक ने पति को रौंद दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उसकी पत्नी बाल-बाल बच गई। इसी स्थान पर थोड़े अंतराल में तीन अन्य बाइक सवार भी फिसलन के कारण घायल हो गए। इनमें से एक को भोपाल के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसों का कारण ढाबे के सामने सड़क पर फैली गीली मिट्टी बताई जा रही है, जो ट्रकों के टायरों से सड़क पर आ गई थी। पुलिस ने मर्ग कायम कर सभी मामलों की जांच प्रारंभ कर दी है।

जानकारी के अनुसार, विदिशा निवासी श्रीपाल सीहोर की एक नूडल्स फैक्ट्री में काम करते थे। बीती शाम वे अपनी पत्नी बबीता के साथ दोपहिया वाहन से सीहोर आ रहे थे। हाईवे स्थित दरबार ढाबे के समीप अचानक उनकी बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई, जिससे दोनों सड़क पर गिर पड़े। श्रीपाल जब तक संभलते, पीछे से आ रहे ट्रक का पहिया उनके सिर पर चढ़ गया। इस दर्दनाक हादसे में श्रीपाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी बबीता को मामूली खरोंचें आईं। पति के शव से लिपटकर विलाप करती बबीता को देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने बबीता को अस्पताल और शव को मर्चुरी में भिजवाते हुए वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।

इस कारण हुआ हादसा

बताया जाता है कि भोपाल-इंदौर हाईवे स्थित दरबार ढाबे पर बड़ी संख्या में ट्रक रुकते हैं। बीती शाम हुई हल्की बारिश के कारण सड़क गीली थी। ढाबे पर आने-जाने वाले ट्रकों के पहियों से निकली मिट्टी सड़क पर जमा हो गई थी, जिससे फिसलन हो रही थी। यही कारण रहा कि वहां से गुजरने वाले दोपहिया वाहन फिसलते गए और एक व्यक्ति की मौत के साथ चार लोग घायल हो गए।

एक-एक कर फिसलीं तीन और बाइक्स

इस हादसे के कुछ देर बाद ही भोपाल से सीहोर आ रहे तीन अन्य लोगों की बाइकें भी ढाबे के सामने फिसल गईं। इनमें महेन्द्र शर्मा गोलू, शंकर खरे और असगर अली घायल हो गए। तीनों को प्राथमिक उपचार के लिए एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से महेन्द्र शर्मा गोलू को भोपाल के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।




Burhanpur News : बुरहानपुर में तूफान और कंटेनर में आमने-सामने की टक्कर, नौ बाराती घायल

बुरहानपुर जिले में इंदौर-इच्छापुर हाईवे पर हसनपुरा के पास मंगलवार देर रात एक हादसा हो गया। निंबोला थाना क्षेत्र अंतर्गत लालमाटी इलाके में बारात से लौट रही तूफान गाड़ी और कंटेनर की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। दर्दनाक हादसे में 9 युवक घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि सभी युवक खंडवा में एक शादी समारोह में शामिल होकर बुरहानपुर लौट रहे थे। इस दौरान हसनपुरा के पास सामने से आ रहे कंटेनर से तूफान की टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी जोरदार थी कि कंटेनर सड़क किनारे पलट गया और तूफान वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

ये भी पढ़ें: मध्य प्रदेश के 25 जिलों में आज तेज आंधी और बारिश का अलर्ट, 17 मई तक बदला रहेगा एमपी का मौसम

अर्धनग्न हालत में मिले घायल

गर्मी के कारण अधिकतर युवक शर्ट उतारकर सफर कर रहे थे। हादसे के बाद कई घायल युवक सड़क पर अर्धनग्न अवस्था में पड़े मिले। स्थानीय लोगों और हाईवे पेट्रोलिंग टीम की मदद से सभी घायलों को तुरंत जिला अस्पताल बुरहानपुर पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

ये भी पढ़ें: कर्नल सोफिया कुरैशी पर विवादित बयान मामला: मनोज शुक्ला ने मंत्री विजय शाह के नेम प्लेट पर कालिख पोती

दो युवक गंभीर घायल

निंबोला थाना प्रभारी राहुल कांबले के अनुसार, सभी घायल युवक हसनपुरा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के निवासी हैं। गंभीर रूप से घायल दो युवकों में एक वाहन चालक भी शामिल है। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को जब्त कर जांच शुरू कर दी है।




Maihar News : शादी में शामिल मेहमानों से भरी पिकअप अनियंत्रित होकर पलटी, 12 लोग घायल

मध्यप्रदेश के मैहर जिले में आज दर्दनाक हादसा हो गया। इस हादसे में 12 लोग घायल हो गए 6 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।

जानकारी के मुताबिक रामनगर थाना क्षेत्र के जुड़वानी गांव में कटनी से बारात आई हुई थी। आज सोमवार की सुबह यह बारात वापस जा रही थी। तभी रामनगर थाना क्षेत्र में बोलोरो पिकअप रफ्तार तेज होने के चलते पलट गई। इस हादसे में 12 बाराती गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से 6 की हालत गंभीर बनी हुई है। सभी को पुलिस और 108 की मदद से उपचार के लिए सिविल अस्पताल रामनगर पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार देने के बाद गंभीर रूप से घायल बारातियों को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। फिलहाल बाकी 6 लोगों की हालत स्थिर बताई जा रही है।

कटनी जा रही थी बारात

घायल बाराती ने बताया कि बारात कटनी जिले के विजराघवगढ़ से मैहर जिले के जुड़वानी गांव आई हुई थी। तभी बिदाई कर वापस लौटने के दौरान बुलेरो पिकअप पटना गांव के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। इस घटना में 12 लोग घायल हुए हैं।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलने के बाद रामनगर थाना पुलिस पटना गांव पहुंची। जहां 108 एम्बुलेंस की मदद से सभी घायलों को सिविल अस्पताल पहुंचाया। वहीं घटना पर मामला दर्ज करते हुए आगे की कार्रवाई शुरू की गई है। इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। सभी सुरक्षित बताए जा रहे हैं।




Maihar News : बस चालक ने एनएच 30 मैहर पर 500 मीटर तक बाइक खींची

मध्य प्रदेश के मैहर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना हुई। एक बस ड्राइवर ने दो बाइक सवारों को टक्कर मार दी और फिर उन्हें करीब 500 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। बाइक सवार जोर-जोर से चिल्लाकर मदद मांगते रहे। वहीं रास्ते में चल रहे लोग भी बस को रोकने के लिए चिल्लाते रहे, लेकिन ड्राइवर बस को तेज रफ्तार में भगाता रहा। यह हादसा रविवार सुबह 10 बजे मैहर के एनएच 30 हाईवे पर हुआ।

जानें पूरा मामला

जानकारी के मुताबिक, पोड़ी गांव के रहने वाले सोनू पटेल (20) और अरुण पटेल (22) मोटरसाइकिल से मैहर की तरफ जा रहे थे। रास्ते में एक तेज रफ्तार बस (नंबर AS 01 QC 3116) ने पीछे से उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों युवक बाइक समेत बस के आगे गिर गए। बाइक बस के अगले हिस्से में फंस गई और दोनों युवक भी उसी के साथ घिसटते रहे। जब राहगीरों ने पीछा करके बस को रोका, तब जाकर बस रुकी।

बस चालाक हुआ फरार

दोनों बाइक सवार युवक अपनी जान की दुहाई देते हुए बस के आगे वाले हिस्से में फंसे हुए थे। अगर बस का पहिया उन पर चढ़ जाता, तो उनकी जान जा सकती थी। किसी तरह उनकी जान बच गई और दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पहले इलाज के बाद उन्हें संजय गांधी अस्पताल रीवा भेजा गया।

मैहर पुलिस मौके पर पहुंचकर बस को जब्त कर लिया। यह बस असम से टूरिस्ट लेकर रीवा की तरफ जा रही थी। घटना के बाद बस का ड्राइवर फरार हो गया।




Damoh News : गांव की युवती का लगन लेने गए युवक की ट्रैक्टर से गिरकर मौत

दमोह जिले के हटा थाना क्षेत्र में एक युवक की ट्रैक्टर के बोनट से गिरने के कारण मौत हो गई। शुक्रवार रात वह एक लगुन लेकर गया था। वहां ट्रैक्टर से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद उसे जिला अस्पताल से जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। शनिवार सुबह पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के सुपर्द कर मामले को जांच में लिया है।

जानकारी के अनुसार पुलिस ने बताया कि भोला पिता कमला प्रसाद अहिरवार 23 निवासी बोरी कला थाना हटा की ट्रैक्टर से गिरने के कारण मौत हो गई। परिजनों के अनुसार भोला गांव की ही लड़की की लगुन लेकर शुक्रवार रात रनेह गांव गया हुआ था। सभी लगूनिया ट्रैक्टर से उतर गए थे तभी भोला ट्रैक्टर की बोनट पर बैठ गया। चालक ट्रैक्टर को साइड में लगा रहा था। इसी दौरान युवक बोनट से नीचे गिर गया। उसका सिर जमीन पर डले पत्थर से टकरा गया। युवक को सिर में गंभीर चोट आई थी। तत्काल ही उसे इलाज के लिए हटा सिविल अस्पताल लाया गया और परिजनों को सूचित किया गया। यहां से दमोह जिला अस्पताल रेफर किया गया। जहां ड्यूटी रत डॉक्टर मधुर चौधरी, डॉक्टर राघवेंद्र कुर्मी ने प्राथमिक इलाज किया, लेकिन सिर में गंभीर चोट होने के कारण उसे जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। वहां रास्ते में युवक ने दम तोड़ दिया। शव को वापस लाया गया और जिला अस्पताल के शव ग्रह में रखा गया। शनिवार सुबह पोस्टमार्टम कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंपा गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

बहन को लेने जा रहे भाई की कार पलटी

हटा-पटेरा मार्ग पर राजाबंदी गांव के पास कार अनियंत्रित होकर खेत में पलट गई, जिसमें चार लोग घायल हो गए। कुटरी गांव निवासी गोलू पिता राजेश मिश्रा अपनी चचेरी बहन को ससुराल लेने सिमरी गांव जा रहे थे। तभी राजाबंदी के पास कार अनियंत्रित होकर पलट गई। जिसमें सवार डब्बू पिता मूलचंद सेन 19, शिबू पिता सुखदेव पाठक 17 एवं निक्की पिता रामकुमार मिश्रा घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए सिविल अस्पताल लाया गया जहां प्राथमिक उपचार कर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि घायल कुटरी सरपंच रामकुमार मिश्रा के परिजन हैं।




Mandla News : पिकअप और ऑटो की टक्कर में दस लोग घायल

मंडला जिले के बम्हनी थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें पिकअप और ऑटो की आमने-सामने की जोरदार टक्कर में दस लोग घायल हो गए। यह हादसा बम्हनी फॉरेस्ट नाका के पास उस समय हुआ जब एक पिकअप वाहन सिवनी से अस्थियां लेकर संगम की ओर जा रहा था। तभी सामने से आ रहा ऑटो मंडला की ओर बढ़ रहा था। अचानक दोनों वाहनों के बीच जबरदस्त भिड़ंत हो गई, जिससे ऑटो पलट गया और पिकअप सड़क से नीचे खेत में जा घुसा।

टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालने की कोशिश की। उन्होंने तत्काल पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी। 108 एम्बुलेंस की मदद से सभी घायलों को बम्हनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक इलाज के बाद दो गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को मंडला जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

हादसे में घायल हुए लोगों में कोहली मरावी (60) निवासी मांगा, यशवंत यादव (35) निवासी टाटरी, गहिया उईके (50) निवासी मंडला, रहिया (65) निवासी खैरलांजी, कृष्णा (44) निवासी धनवाही, शशि (40) निवासी खिमरहा, सावित्री (55) निवासी धनपुरी, हर्षिता (15) निवासी टाटरी, मंजू (60), और सेवकली उइके (60) शामिल हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार, दुर्घटना इतनी तेज थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार यात्री बुरी तरह से घायल हो गए। पिकअप वाहन भी दुर्घटना के बाद असंतुलित होकर खेत में जा घुसा। हादसे के बाद दोनों वाहनों को काफी नुकसान पहुंचा है।

फिलहाल बम्हनी पुलिस दुर्घटना की जांच में जुटी हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों वाहनों की रफ्तार तेज थी और मोड़ पर संतुलन खोने के कारण यह हादसा हुआ। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और चालक की जिम्मेदारी को लेकर भी पूछताछ की जा रही है।

यह दुर्घटना एक बार फिर यह याद दिलाती है कि सड़कों पर तेज रफ्तार और असावधानी कितनी बड़ी दुर्घटना को जन्म दे सकती है। प्रशासन से लेकर आमजन तक सभी को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की आवश्यकता है, जिससे भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।