Shahdol News : जुताई के दौरान पलटा ट्रैक्टर इंजन, दबने से किसान की मौत

झरौसी गांव में हुई दर्दनाक घटना, गांव में शोक की लहर

शहडोल/ब्यौहारी। शहडोल जिले के ब्यौहारी थाना अंतर्गत झरौसी गांव में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में खेत की जुताई कर रहे किसान की ट्रैक्टर इंजन के नीचे दबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान 42 वर्षीय प्रमोद पटेल के रूप में हुई है, जो अपने खेत में ट्रैक्टर इंजन से जुताई कर रहे थे। अचानक संतुलन बिगड़ने के कारण ट्रैक्टर इंजन पलट गया और प्रमोद उसके नीचे दब गए।

घटना के वक्त खेत के आसपास मौजूद ग्रामीणों ने उन्हें बचाने की भरपूर कोशिश की, लेकिन भारी इंजन के नीचे दबे होने के कारण उन्हें तुरंत बाहर नहीं निकाला जा सका। जब तक ग्रामीण जेसीबी मंगवाकर इंजन को हटाते, तब तक प्रमोद की सांसें थम चुकी थीं।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी अरुण पांडे ने बताया कि मर्ग कायम कर लिया गया है और घटना की जांच की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।

प्रमोद पटेल अपने पीछे परिवार को छोड़ गए हैं, जिनकी आर्थिक स्थिति पहले से ही सामान्य थी। इस घटना ने परिवार को गहरे संकट में डाल दिया है। गांव में शोक का माहौल है।

गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में ट्रैक्टर या इंजन पलटने की घटनाओं में अब तक तीन किसानों की जान जा चुकी है। लगातार हो रही इन घटनाओं ने ग्रामीण क्षेत्रों में खेती के दौरान सुरक्षा मानकों की कमी को उजागर कर दिया है। स्थानीय किसानों ने प्रशासन से इस दिशा में सख्त कदम उठाने की मांग की है।




Sidhi News : पानी से लबालब गड्ढे में डूबे दो मासूम, गांव में मातम का माहौल

सीधी जिले के मझरेटी गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज के गहरे गड्ढे में पानी भरे होने के कारण दो मासूम भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा लापरवाही की एक बड़ी मिसाल बन गया है, जिसने एक परिवार की खुशियां छीन लीं और पूरे गांव को गहरे शोक में डुबो दिया।

जानकारी के मुताबिक मृतक बच्चे कुचवाही निवासी अखिलेश गुप्ता के पुत्र थे। 12 वर्षीय गौरव गुप्ता और 9 वर्षीय नितीश गुप्ता। दोनों मासूम रोज की तरह रविवार सुबह करीब 10 बजे घर से निकले थे. जब दोपहर 1 बजे तक वे लौटकर नहीं आए, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की. तभी गांव वालों के साथ खोजबीन करते हुए निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज के पास बने गड्ढे में दोनों के शव नजर आए।

यह वही गड्ढा था जो ओवरब्रिज निर्माण कार्य के दौरान खोदा गया था और बारिश के चलते पानी से लबालब भर चुका था। हैरानी की बात यह है कि न तो इस स्थान पर कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया था और न ही कोई बैरिकेडिंग की गई थी, जिससे इस जगह की खतरनाक स्थिति से लोगों को सचेत किया जा सके।

बच्चों के पिता अखिलेश गुप्ता, जो कि गांव में किराने की दुकान चलाते हैं, पूरी तरह टूट चुके हैं। उनकी पत्नी भी बेसुध हालत में हैं। परिवार का कहना है कि यह दुर्घटना अगर समय रहते बचाव या सुरक्षा के इंतजाम किए जाते तो रोकी जा सकती थी।

कोतवाली थाना प्रभारी कन्हैया सिंह बघेल ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को जिला अस्पताल सीधी में पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। आगे की जांच की जा रही है।




Shahdol News : बारिश में कच्चा मकान गिरने से पुजारी की मौत

ब्यौहारी क्षेत्र में शुक्रवार शाम बारिश का तांडव देखने को मिला। नदी उफान में आ जाने से एक घर के चारों तरफ जल भराव हो गया। एक परिवार घर के अंदर ही फंस गया। किसी तरह पुलिस तक सूचना पहुंची तो पुलिस ने एसडीआरएफ की टीम ने चार घंटे की कड़ी मेहनत के बाद परिवार के 6 सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल कर सुरक्षित स्थान में पहुंचाया गया। वहीं ब्यौहारी से पपौंध मार्ग कल शाम 6 बजे से बंद है। देवलौंद में तेज बारिश की वजह से कच्चा महान गिर गया, जिसके नीचे दबने से एक व्यक्ति की मौत हो गई है। बाणसागर डैम के तीन गेट आज 12:00 बजे खोले जाएंगे। जिले में बारिश का दौर लगातार जारी है। तेज बारिश से नदी नाले उफान में हैं। कच्चे मकान बारिश की वजह से गिर रहे हैं, तो कई मार्ग भी बंद हैं।

घर में फंसे लोगों को एसडीआरएफ ने किया रेस्क्य

ब्यौहारी थाना क्षेत्र के सुखा गांव में झारप नदी शुक्रवार रात 8 बजे से उफान में आ गई। नदी खतरे के निशान से ऊपर बहने लगी। वहीं राम सुमन कुशवाहा का घर नदी के किनारे है। नदी का पानी घर के चारों तरफ भर गया, जिससे खेत और घर में 6 फीट तक जल भराव हो गया। कुशवाहा परिवार के छह सदस्य घर के ऊंचे स्थान पर जाकर बैठ गए और पुलिस की डायल हंड्रेड को मामले की जानकारी दी। पुलिस की डायल हंड्रेड को इवेंट आया कि हमारे घर में चारों तरफ पानी भर गया है और हम सभी लोग अंदर फंसे हुए हैं। घर के अंदर 6 फीट तक पानी भर गया है। जानकारी लगते ही थाना प्रभारी अरुण पांडे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जानकारी एसडीआरएफ टीम को दी गई, जानकारी के बाद शहडोल से एसडीआरएफ दल मौके के लिए रवाना हुआ। चार घंटे की कड़ी मेहनत के बाद परिवार के सदस्यों को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान में लाया गया। थाना प्रभारी अरुण पांडे ब्यौहारी ने बताया कि परिवार में 6 लोग घर के अंदर फंसे थे। चारों तरफ जल भराव हो गया था। सूचना के बाद हमने रेस्क्यू टीम को मौके पर बुलाया और रेस्क्यू कर सभी को सुरक्षित स्थान में पहुंचाया गया है।

नदी पुल से ऊपर, मार्ग बंद

ब्यौहारी से पपौंध मार्ग शुक्रवार शाम से ही बंद हो गया था, क्योंकि नौड़िया गांव में स्थित समधिन नदी उफान में थी और खतरे के निशान से ऊपर बह रही थी। नदी पुल से ऊपर चलने की वजह से मौके पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी। शनिवार की तड़के पुल से पानी नीचे उतरा है और मार्ग शुरू हुआ है।

कच्चा मकान गिर पुजारी की मौत

देवलौंद थाना क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश की वजह से कच्चा मकान गिर गया, जिसके नीचे दबने से रामधनी बैस पिता राम भरोसे उम्र 80 वर्ष निवासी चौकी टोला बुढ़वा की मलवे में दबने से मौत हो गई है। पुलिस ने बताया कि रामधनी शिव बाबा मंदिर में पुजारी थे और रात्रि में हुई बारिश के कारण उनका कच्चा मकान गिर गया। घटना उस समय घटी जब वह अकेले घर के अंदर सो रहे थे। सुबह जब लोगों ने पुजारी के मकान को गिरा देखा, तब जाकर पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मलबे को हटाया तो रामधनी का शव पुलिस को मिला है। पुलिस के मामले पर मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

आज 12 बजे बाणसागर डैम के खोले जाएंगे तीन गेट

जिले में बीते एक सप्ताह से हो रही लगातार बारिश से नदी नाले ऊफान पर है। नदियों और तालाबों को जल स्तर लगातार बढ़ रहा है। बाणसागर बांध का जल स्तर शुक्रवार की रात तक 339.6 मीटर तक पहुंच गया है। जल की आवक दर 1791 क्यूमेक्स बताया गया है। बांध के लगातार बढ़ते जल स्तर से कैचमेंट एरिया में तक पानी पहुंच जाने से विभाग अब तीन गेट खोलने की तैयारी कर रहा है। मुख्य अभियंता गंगा कछार जल संसाधन विभाग रीवा ने बाणसागर बांध के अधिकारियों को दूरभाष के माध्यम से बांध के रेडियल तीन गेट खोलकर 2500 क्यूमेक्स पानी छोड़ने निर्देशित किया है। मुख्य अभियंता के निर्देश के बाद अब बाणसागर प्रबंधन रेडियल गेट को खोलने की तैयारी में जुट गया है। प्रबंधन की माने तो शनिवार की दोपहर 12 बजे गेट खोला जाएगा और 2500 क्यूमेक्स जल प्रवाह किया जाएगा। जिले में बीते एक सप्ताह से लगातार हो रही बारिश से जन जीवन को अस्त व्यस्त कर दिया है।




Mandla News : तेज बहाव में बहे तीन युवक, दो सुरक्षित, एक अभी भी लापता, मंडला अमानला की घटना

मंडला जिले में हो रही मूसलधार बारिश अब हादसों का कारण बनने लगी है। ताजा मामला मंडला जिले के आमानाला बायपास का है, जहां तेज बहाव के पानी में बाइक से जा रहे तीन युवक बह गए। इनमें से दो युवक तो किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहे, लेकिन एक युवक अब भी लापता है।

घटना सोमवार देर शाम की बताई जा रही है। भारी बारिश के चलते आमानाला बायपास पुल के नीचे पानी का तेज बहाव था। इसी दौरान तीन युवक एक ही बाइक पर सवार होकर पटपरा की ओर से मंडला की तरफ जा रहे थे। पानी का बहाव अधिक होने के कारण वे बाइक को पैदल लेकर पार करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन अचानक तेज धारा में बह गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जैसे ही तीनों युवक पानी में घुसे, तेज बहाव ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। इस दौरान एक युवक तुरंत पानी से बाहर निकल आया, जबकि दूसरा कुछ दूर बहने के बाद किसी तरह किनारे तक पहुंचने में सफल रहा। तीसरा युवक, जिसकी पहचान कटनी निवासी राकेश सिंह धुर्वे पिता हीरालाल धुर्वे के रूप में हुई है, अब तक लापता है।

स्थानीय लोगों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस और प्रशासन को दी। सूचना मिलते ही तहसीलदार, थाना प्रभारी और कोतवाली पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू की गई। हालांकि अंधेरा और तेज बहाव के कारण रेस्क्यू टीम को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। पुलिस और प्रशासन की टीम ने घटनास्थल पर रात्रि तलाशी अभियान तो चलाया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। अगली सुबह होते ही फिर से खोजबीन शुरू की गई। SDRF की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है ताकि लापता युवक की जल्द से जल्द तलाश की जा सके।

इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे खतरनाक जगहों पर चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं और भारी बारिश के दौरान ट्रैफिक को रोका जाए, ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। एक अन्य घटना में, उसी समय एक और बाइक बह गई थी, लेकिन सौभाग्य से उस बाइक पर सवार युवक समय रहते खुद को संभाल पाए और सुरक्षित बाहर निकल आए।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के मौसम में नदियों, नालों और पुलों पर बहते पानी को पार करने की कोशिश न करें। थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है। फिलहाल लापता युवक राकेश सिंह धुर्वे की तलाश जारी है और प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि जब तक युवक का पता नहीं चलता, रेस्क्यू ऑपरेशन बंद नहीं किया जाएगा।




Khargone News : खरगोन में अधूरे पुल से गिरकर दो बाइक सवारों की मौत

ओंकारेश्वर से करीब 30 किलोमीटर दूर, खरगोन जिले के ग्राम बासवा में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। हादसे में दो युवकों की जान चली गई। यह हादसा उस स्थान पर हुआ जहां इंदौर-इच्छापुर हाईवे पर पुल-पुलियों का निर्माण अधूरा पड़ा है।

जानकारी के अनुसार, सोमवार देर रात ग्राम बासवा के पास निर्माणाधीन ब्रिज पर एक दोपहिया वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह बाइक छापरा गांव के दो युवक चला रहे थे। मंगलवार सुबह गांव के कुछ लोग टहलने निकले तो उन्होंने सड़क किनारे क्षतिग्रस्त बाइक और शव पड़े देखे। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

पुलिस मौके पर पहुंची और 108 एंबुलेंस के जरिए दोनों शवों को सिविल अस्पताल भिजवाया गया। मृतकों की पहचान उनके पास मिले दस्तावेजों और मोबाइल में मिले आधार कार्ड के जरिए की गई। मृतकों के नाम संजय ढाकसे (32 वर्ष) और धर्मेंद्र कोहरे (35 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम छापरा बताए गए हैं। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए। पुलिस ने मर्ग कायम कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

गांव वालों ने इस हादसे के लिए निर्माण एजेंसी को दोषी ठहराया है। उनका कहना है कि अधूरे ब्रिज पर कोई चेतावनी बोर्ड या सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने से इस तरह की घटनाएं हो रही हैं। रात में विजिबिलिटी कम होने के चलते लोग यह नहीं समझ पाते कि पुल अधूरा है, जिससे दुर्घटनाएं हो रही हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन और निर्माण एजेंसी से मांग की है कि हाईवे और ब्रिज के निर्माण स्थल पर उचित संकेतक, बैरिकेडिंग और रात्रि में रोशनी की व्यवस्था तत्काल की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी जानलेवा घटनाओं को रोका जा सके।




Indore News : वाहन का दरवाजा अचानक खुलने से एक्टिवा से गिरकर जौहरी की मौत

इंदौर के खातीपुरा में हुए सड़क हादसे में घायल हुए नंदानगर निवासी ज्वेलर्स रजनीकांत काटकर (26) की मंगलवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। रजनीकांत ‘महाराष्ट्रीयन ज्वेलर्स’ नाम से दुकान चलाते थे। घटना वाले दिन वह रानीपुरा इलाके से दुकान के लिए ज्वेलरी रखने की प्लास्टिक डब्बी लेने निकले थे। उसी दौरान खातीपुरा में वाटर सप्लाई करने वाले एक लोडिंग वाहन (क्रमांक MP09LR5964) के हेल्पर ने अचानक उसका गेट खोल दिया।

हेल्पर की लापरवाही से हुआ हादसा

वाहन का गेट खुलते ही वह रजनीकांत की एक्टिवा से टकराया, जिससे रजनीकांत असंतुलित होकर सड़क पर जा गिरे। गिरते समय उनका सिर सड़क किनारे पड़े एक पत्थर से टकराया और उन्हें गंभीर चोट आई। हादसे के बाद वाहन में मौजूद हेल्पर जितेन्द्र और ड्राइवर ने रजनीकांत को नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें एमवाय अस्पताल रेफर किया गया।

इलाज के दौरान तोड़ा दम, दर्ज हुआ केस

एमवाय अस्पताल में इलाज के दौरान मंगलवार सुबह रजनीकांत की मौत हो गई। सेन्ट्रल कोतवाली पुलिस के अनुसार, घायल अवस्था में रजनीकांत होश में थे और उन्होंने खुद हादसे की पूरी जानकारी पुलिस को दी थी। उनके भाई रमाकांत काटकर के बयान के आधार पर पुलिस पहले ही लोडिंग वाहन के हेल्पर के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर चुकी थी।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

रजनीकांत अपने पीछे माता-पिता, छोटा भाई, पत्नी और पांच साल की बेटी को छोड़ गए हैं। परिवार के लिए यह हादसा गहरा आघात है, खासतौर पर तब जब उनकी पत्नी गर्भवती हैं। अब पुलिस ने मर्ग कायम कर आगे की धाराएं जोड़ने की कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना ने शहर में सड़क सुरक्षा और वाहन चालकों की लापरवाही पर फिर से सवाल खड़े कर दिए हैं।




Ashoknagar News : घर पर गिरा नीम का पेड़, दो वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत

अशोकनगर जिला अंतर्गत आने वाले मुंगावली थाना क्षेत्र के डिपो पर, वार्ड क्रमांक 15 में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में दो वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई।
घटना उस समय हुई जब घर के पास स्थित एक बड़ा नीम का पेड़ तेज पानी और हवा के कारण अचानक गिर गया और घर की छत पर लगी फर्सी को क्षतिग्रस्त कर गया। फर्सी का एक हिस्सा टूटकर 2 वर्षीय मासूम बच्ची स्वाती पुत्री जय सिंह जाधव के ऊपर गिरा, जिससे उसकी पसलियों में गंभीर चोटें आई। बच्ची उस समय घर के अंदर सो रही थी।
परिजन आनन-फानन में घायल स्वाति को मुंगावली अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे निजी एम्बुलेंस से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। लेकिन जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने  उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद बच्ची का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया।




Umaria News : दो डंपरों की आमने-सामने की टक्कर में एक चालक की मौत

उमरिया जिले के सिविल लाइन चौकी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम भगहा के पास शनिवार को एक भीषण सड़क हादसे में एक डंपर ड्राइवर की दर्दनाक मौत हो गई। दुर्घटना इतनी भयानक थी कि मृतक का शव बुरी तरह से डंपर में फंस गया, जिसे निकालने के लिए प्रशासन को जेसीबी की मदद लेनी पड़ी।
जानकारी के अनुसार, हादसा दो डंपरों की आमने-सामने की टक्कर से हुआ। एक डंपर में कृषि से संबंधित सामान लदा हुआ था, जबकि दूसरा डंपर पूरी तरह पैक था, जिसके अंदर क्या सामग्री लदी थी, इसकी पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। दुर्घटनाग्रस्त डंपर का नंबर एमपी 15G 2970 बताया गया है, जो टक्कर के बाद पूरी तरह जर्जर हो गया।

सड़क हादसे में एकत्रित लोग

हादसे की सूचना मिलते ही सिविल लाइन चौकी प्रभारी कुमार गर्ग अपनी टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और राहत और बचाव कार्य शुरू कराया। मृतक ड्राइवर का शव बुरी तरह से वाहन में फंसा हुआ था, जिसे बाहर निकालने के लिए जेसीबी मंगवाई गई। प्रशासन की टीम द्वारा पूरी सतर्कता के साथ शव को बाहर निकाला गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए, जिससे घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस द्वारा मौके पर यातायात को नियंत्रित करने और भीड़ को हटाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों वाहनों की रफ्तार तेज थी और सड़क पर अचानक ब्रेक लगाने की वजह से नियंत्रण खो गया, जिससे यह दुर्घटना हुई। हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है। प्रशासन द्वारा मृतक की शिनाख्त की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।




Indore News : अहमदाबाद विमान दुर्घटना में इंदौर की महिला की पहचान हुई, अंतिम संस्कार आज

अहमदाबाद के विमान हादसे में जान गंवाने वाली इंदौर की बहू हरप्रीत कौर होरा के शव की पहचान 5 दिन बाद हो पाई है। आज उनका अंतिम संस्कार उनके मायके में किया जाएगा। इस दुखद घटना को लेकर उनके परिवार में शोक की लहर है, और उनके पति भी लंदन से भारत लौट आए हैं, ताकि वे अपनी पत्नी को अंतिम विदाई दे सकें।

12 जून को एयर इंडिया की फ्लाइट एआई 171 अहमदाबाद से लंदन के लिए उड़ान भरने के बाद दुर्घटना का शिकार हो गई थी। इस विमान में कुल 242 यात्री सवार थे, जिनमें से 241 की मौत हो गई थी। इंदौर की बहू हरप्रीत कौर होरा भी उन यात्रियों में शामिल थीं। हरप्रीत लंदन में आईटी कंपनी में काम करने वाले अपने पति से मिलने के लिए इस विमान में सवार हो रही थीं। हादसे के बाद से ही उनके परिवार के सदस्य उनके घर पर एकत्रित हो गए थे। रिश्तेदारों की उपस्थिति से दोनों पक्षों में शोक का माहौल था।

पहचान में अधिक समय लगा

सरकारी अधिकारियों द्वारा हरप्रीत की पहचान के लिए डीएनए सैंपल लिया गया था। हालांकि, डीएनए मैचिंग प्रक्रिया में अनुमान से अधिक समय लगा, और 72 घंटे के स्थान पर यह काम 120 घंटे बाद पूरा हो सका। इस बीच, विमान में मारे गए अन्य यात्रियों के शवों की पहचान भी जारी रही।

इंदौर से अहमदाबाद गए परिजन

अब, इंदौर की बहू हरप्रीत कौर होरा के शव की पहचान होने के बाद, उनके परिवार को शव सौंपने की प्रक्रिया अस्पताल में जारी है। अंतिम संस्कार के लिए उनके मायके में सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। उनके निकटतम रिश्तेदार हरितपाल होरा के अनुसार, आज दोपहर अहमदाबाद के शबरी कुटी, अल्फा मॉल के पीछे से अंतिम यात्रा निकलेगी और थल तेज मुक्तिधाम पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। हरप्रीत के पति राबी, जो एक साल से लंदन में आईटी कंपनी में काम कर रहे थे, भी अपनी पत्नी को अंतिम विदाई देने के लिए लंदन से वापस लौट आए हैं। इसके अलावा, ससुराल पक्ष के अन्य लोग भी इंदौर से अहमदाबाद पहुंच चुके हैं।




Maihar News : नागपुर जा रही बस अनियंत्रित होकर खाई में गिरी, एक दर्जन यात्री घायल

मध्यप्रदेश के मैहर में शुक्रवार रात एक बस अनियंत्रित होकर नेशनल हाइवे पर दस फुट गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में करीब दस यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस इस घटना की जांच कर रही है। उत्तर प्रदेश के मऊ से नागपुर जा रही आभा ट्रैवल्स की स्लीपर बस अमरपाटन थाना क्षेत्र के झिन्ना नाला के पास अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे खेत में गिर गई और पलट गई।

थाना प्रभारी केपी त्रिपाठी ने बताया कि बस चालक की लापरवाही से हादसा हुआ है। बस की लाइट ठीक से नहीं जल रही थी और चालक को बस पर नियंत्रण खो देना पड़ा। यात्रियों ने बताया कि जौनपुर के पास बस के चालक और कुछ लोगों के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद चालक बदला गया था। इसके बाद बस पूरी तरह से असंतुलित होकर अमरपाटन के पास खेत में गिर गई।

घायल यात्रियों की जानकारी

इस हादसे में घायल हुए यात्रियों में माया सरोज (31 वर्ष, गाजीपुर), अविता सरोज (16 वर्ष, आजमगढ़), प्रकाश कुमार (7 वर्ष, गाजीपुर), अंकिता वलोल (9 वर्ष, नागपुर), हर्षिता वलोल (11 वर्ष, नागपुर), रेणु सिंह (55 वर्ष, इलाहाबाद), स्वाति सिंह (28 वर्ष, इलाहाबाद), मनीष मौर्य (30 वर्ष, आजमगढ़), अच्छेलाल चौहान (36 वर्ष, मऊ) और मुकेश यादव (25 वर्ष, आजमगढ़) शामिल हैं।

दो घायल यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक इलाज के बाद बड़े अस्पताल रेफर कर दिया गया है। बाकी सभी की हालत सामान्य है। पुलिस हादसे की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।