
माखननगर। श्री माखनलाल चतुर्वेदी शासकीय महाविद्यालय माखननगर में उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार “माटी गणेश–सिद्ध गणेश कार्यक्रम 2025” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरूक करना था।
इस अवसर पर प्राचार्य ने कहा कि पर्यावरण की सुरक्षा हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है। एनएसएस जिला संगठक प्रो. डी. एस. खत्री ने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ सांस्कृतिक व सामाजिक गतिविधियों में भी उत्साहपूर्वक भाग लेने की अपील की। कार्यक्रम अधिकारी पंकज बैरवा ने बताया कि प्लास्टर ऑफ पेरिस से बनी मूर्तियां जल में नहीं घुल पातीं और इससे पर्यावरण व धार्मिक भावनाएं प्रभावित होती हैं। इसलिए मिट्टी की प्रतिमाओं का महत्व और भी बढ़ जाता है।

सहायक प्राध्यापक डॉ. अमिताभ शुक्ला ने बढ़ते प्रदूषण पर चिंता व्यक्त करते हुए अधिक से अधिक पौधरोपण व प्लास्टिक के कम उपयोग का आह्वान किया। भूगोल विभाग के डॉ. धर्मेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि यह आयोजन धर्म और पर्यावरण दोनों की रक्षा का उदाहरण है। विज्ञान विभागाध्यक्ष श्रीमती सुषमा यादव ने विद्यार्थियों को स्वनिर्मित प्रतिमाओं के महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। स्वस्तिक रावत द्वारा बनाई प्रतिमा को विशेष सराहना मिली। शानू चौहान, मनीषा विश्वकर्मा, रंजना यादव, प्रगति काकोरिया, साक्षी काकोरिया, दीपिका प्रजापति, पूनम यादव, सलोनी यादव, सुहानी विश्वकर्मा, काजल यादव सहित अनेक छात्रों ने मिट्टी की गणेश प्रतिमाएं तैयार कीं।
इस अवसर पर एनसीसी प्रभारी कैप्टन आई. एस. कनेश, सुश्री शिवानी मालवीय, अमित तिवारी सहित समस्त स्टाफ और विद्यार्थी उपस्थित रहे।