
माखन नगर / श्री माखनलाल चतुर्वेदी शासकीय महाविद्यालय माखन नगर की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई 01 एवं 02 का सात दिवसीय विशेष शिविर ग्राम पंचायत गूजरवाड़ा में आयोजित किया जा रहा है। प्राचार्य डॉ. नीता चौबे के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर का शुभारंभ सोमवार को हुआ।
शिविर के पहले दिन स्वयंसेवकों ने ग्राम पंचायत भवन एवं शासकीय हाई स्कूल परिसर की साफ-सफाई और साज-सज्जा कर कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत की। मुख्य अतिथि सरपंच प्रताप सिंह यादव ने दीप प्रज्वलित कर और फीता काटकर शिविर का उद्घाटन किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना का ध्वजारोहण किया गया तथा राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान के साथ लक्ष्य गीत का सामूहिक गायन हुआ।
अपने संबोधन में सरपंच यादव ने कहा, “इन युवा स्वयंसेवकों के प्रयासों से गांव में नई ऊर्जा का संचार होगा।” कार्यक्रम अधिकारी डॉ. धर्मेंद्र सिंह चौहान ने राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला, वहीं डॉ. कविता दुबे ने सात दिवसीय शिविर के दौरान आयोजित की जाने वाली गतिविधियों की रूपरेखा प्रस्तुत की। इस अवसर पर अक्षय तिवारी, राजू साहू, जुगल प्रजापति, शिवम यादव, प्रशांत सोनी, पंचायत सचिव मनोज मालवी, अजय मेहरा, प्रो. डी.एस. खत्री और प्रो. एस. कनेश सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

शिविर के दूसरे दिन की शुरुआत प्रातःकालीन रामफेरी, प्रार्थना, पीटी और योग से हुई। स्वयंसेवकों ने बीमारियों से रोकथाम हेतु सफाई अभियान के तहत गांव में एक मृत गोवंश को गड्ढा खोदकर जमीन में दफनाया, जिसके लिए ग्रामीणों ने स्वयंसेवकों के समर्पण भाव की सराहना की।
बौद्धिक सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में मनीष चतुर्वेदी, विशिष्ट अतिथि के रूप में आदेश शर्मा, दीपक तिवारी एवं रज्जन जायसवाल उपस्थित रहे। इसके बाद ग्राम संपर्क रैली निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। दोपहर में राष्ट्रीय सेवा योजना के अंतर्गत खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया तथा विभिन्न समितियों की बैठकें हुईं। दूसरे दिन का समापन एक जीवंत सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ हुआ।
शिविर के तीसरे दिन का आगाज भी रामफेरी के साथ हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामवासी शामिल हुए। यह रैली ग्राम के प्राचीन मंदिर पहुंची, जहां आरती की गई और आवाहन गीत प्रस्तुत किए गए। परियोजना कार्य के तहत स्वयंसेवकों ने शहीद दिनेश यादव स्मृति स्थल पर व्यापक सफाई अभियान चलाया।
बौद्धिक सत्र में डॉ. प्रेमानंद ने स्वास्थ्य परीक्षण शिविर लगाकर ग्रामीणों को बीमारियों से बचाव की जानकारी दी। वहीं श्रीमती रमा चावरा ने उपस्थित जनसमूह को हार्डफुलनेस (माइंडफुलनेस) की जानकारी दी तथा ध्यान (मेडिटेशन) करवाया। इस सत्र के मुख्य अतिथि अनुराग दीवान एवं अभिषेक मिश्रा रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन स्वयंसेवक स्वस्तिक रावत ने किया तथा आभार ज्ञापन दीक्षा अहिरवार ने किया।
शिविर के अगले दिनों में भी इसी प्रकार की रचनात्मक एवं सामुदायिक गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी।