Sehore News : पानी की बाल्टी में गिरने से एक साल के बच्चे की मौत, रक्षाबंधन मनाने मां के साथ नानी के घर गया था मासूम

Sehore News: One year old child died after falling in a bucket of water

सांकेतिक तस्वीर

सीहोर जिले के इछावर से दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। जहां पानी से भरी बाल्टी में डूबने से एक साल के बच्चे की मौत हो गई। मासूम अपने घर का इकलौता चिराग था। घटना के बाद से मां का रो-रोकर बुरा हाल है। मामला इछावर के वार्ड नं. 12 का है। इछावर थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार मंडीदीप निवासी अरविंद यादव की पत्नी रक्षाबंधन त्यौहार मनाने के लिए इछावर अपने मायके आई थी। रक्षाबंधन अच्छे से मनाया गया। उसके बाद भुजरिया पर्व मनाने के लिए पूरा परिवार काफी उत्साहित था।

अरविंद यादव का एक वर्षीय बेटा मीत यादव घर में खेल रहा था। तभी खेलते-खेलते वह कब पानी से भरी हुई बाल्टी के पास चला गया। परिवार के लोगों को पता ही नहीं चला। बच्चा नहीं मिलने पर जब उसकी घर में ही खोजबीन की तो वह बाल्टी में डूबा हुआ मिला। इस संबंध में इछावर थाना प्रभारी कंचन सिंह ठाकुर ने बताया कि मीत यादव मंडीदीप से अपनी मां के साथ रक्षाबंधन पर अपने ननिहाल आया था। उसकी पानी में डूबने से मौत हो गई है। मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है।