सीहोर। घरेलू रसोई गैस की कमी और लगातार बढ़ती कीमतों के विरोध में रविवार को शहर कांग्रेस ने कोतवाली चौराहे पर जोरदार प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राजीव गुजराती के निर्देश पर शहर कांग्रेस अध्यक्ष घनश्याम यादव और नेता प्रतिपक्ष विवेक राठौर के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए गैस संकट को लेकर विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि गैस सिलिंडरों की लगातार बढ़ती कीमतों और आपूर्ति में कमी के कारण आम लोगों की रसोई पर सीधा असर पड़ रहा है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि महंगाई पहले ही आम परिवारों की कमर तोड़ रही है, ऐसे में रसोई गैस की किल्लत लोगों की परेशानी को और बढ़ा रही है।
नाली से गैस वाले बयान पर प्रतीकात्मक विरोध
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पुराने “नाली से गैस बनाने” वाले बयान पर व्यंग्य करते हुए अनोखा प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने नाली में पाइप डालकर गैस चूल्हा जलाने का प्रतीकात्मक प्रयास किया और इसे सरकार के दावों और जमीनी हकीकत के बीच का अंतर बताया।
कांग्रेस नेताओं ने सरकार को घेरा
शहर कांग्रेस अध्यक्ष घनश्याम यादव ने कहा कि देश की जनता पहले ही महंगाई की मार झेल रही है और अब घरेलू गैस की किल्लत ने लोगों की परेशानियों को और बढ़ा दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने में विफल रही है और प्रधानमंत्री को जनता को भ्रमित करने के बजाय समस्या के समाधान के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।
नेता प्रतिपक्ष विवेक राठौर ने भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि गैस सिलिंडरों की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं और कई स्थानों पर समय पर आपूर्ति नहीं हो पा रही है। उन्होंने मांग की कि सरकार तुरंत गैस आपूर्ति को सुचारु करे और कीमतों पर नियंत्रण लगाए ताकि आम परिवारों को राहत मिल सके।
बड़े आंदोलन की चेतावनी
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि गैस की किल्लत और महंगाई पर जल्द नियंत्रण नहीं हुआ तो आने वाले समय में इस मुद्दे को लेकर और बड़े आंदोलन किए जाएंगे।