दरगाह में तोड़फोड़ और पवित्र ग्रंथ के अपमान का आरोप, कार्रवाई की मांग को लेकर थाने पहुंचे मुस्लिम समाज के प्रतिनिधि

माखननगर, नर्मदापुरम। माखननगर क्षेत्र के बागरा तवा स्थित गौरी शाह बादशाह दरगाह में कथित तोड़फोड़ और पवित्र ग्रंथ के अपमान के आरोप को लेकर सोमवार को मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों ने थाना माखननगर पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। समाज ने अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत के अनुसार, 5 जुलाई 2026 की रात अज्ञात असामाजिक तत्वों ने दरगाह परिसर में तोड़फोड़ की। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि दरगाह के किवाड़ (चौखट/चंदेर) क्षतिग्रस्त किए गए तथा पवित्र कुरान शरीफ के साथ भी कथित रूप से अभद्रता कर उसे फाड़कर नाले में फेंक दिया गया।

इस संबंध में सदर वक्फ जामा मस्जिद और समस्त मुस्लिम समाज माखननगर की ओर से थाना प्रभारी को अलग-अलग आवेदन सौंपे गए। वहीं नगर परिषद के एक पार्षद ने भी इस मामले में पुलिस से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि यह घटना धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली है। उन्होंने दोषियों की शीघ्र पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।

फिलहाल पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। समाचार लिखे जाने तक किसी आरोपी की आधिकारिक पहचान या गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हुई थी।

थाना माखननगर पुलिस का कहना है कि प्राप्त शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद तथ्यों के अनुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।