कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा भावभीना स्वागत किया गया। इस अवसर पर मंत्री, सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम एवं राजगढ़ जिला प्रभारी मंत्री चेतन्य कुमार काश्यप, प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कौशल विकास एवं रोजगार विभाग गौतम टेटवाल, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास नारायण सिंह पंवार, मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष मोहन नागर, विधायक राजगढ अमर सिंह यादव, विधायक खिलचीपुर हजारीलाल दांगी एवं नरसिंहगढ़ विधायक मोहन शर्मा, दिशा के सदस्य एवं जिला भाजपा अध्यक्ष श्री ज्ञानसिंह गुर्जर भी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का राजगढ़ शहर में विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया गया। जिला चिकित्सालय, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक, मोहनपुरा कुंडलिया सिंचाई परियोजना और किसान कल्याण एवं कृषि विभाग द्वारा विभिन्न मंचों पर मुख्यमंत्री का स्वागत किया गया और उन्हें धन्यवाद ज्ञापित किया गया। स्वागत कार्यक्रम में मंच द्वारा मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव को राधा कृष्ण की फोटोफ्रेम उपहार में दी गई।
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के पहली बार राजगढ़ पहुंचने पर रोड शो के दौरान नगरवासियों द्वारा स्वागत किया गया। जगह-जगह स्वागत के लिए बनाए गए स्लॉट में मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए प्रतीक्षारत नागरिकों ने पुष्प वर्षा तथा फूल माला पहनाकर उनका स्वागत किया। इस दौरान नागरिकों ने उन्हें स्मृति चिन्ह भी भेंट किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रोड शो के दौरान मुख्य मार्ग से होते जिला अस्पताल पहुंचे और वहां नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया।
रोड शो के दौरान नगर की अनेक सामाजिक, सांस्कृतिक तथा धार्मिक संस्थाओं, व्यापारिक संगठनों, समाजसेवियों, शासकीय-अशासकीय संस्थानों, संघों तथा अनेकों प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधियों द्वारा उनका स्वागत किया गया। इस पूरे रोड शो के दौरान सभी लोग मुख्यमंत्री डॉ. यादव की एक झलक पाने के लिए आतुर दिखे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नगर के नागरिकों द्वारा किए गए इस आत्मीय स्वागत सत्कार के लिए हाथ हिलाकर नागरिकों का अभिवादन किया और उन्हें धन्यवाद दिया।