Radishes benefits : सर्दियों की मूली सेहत के लिए किसी औषधि से कम नहीं, पाचन से लेकर इम्यूनिटी तक देती है कई फायदे


Radishes benefits:

सर्दियों के मौसम में बाजार में आसानी से मिलने वाली मूली न सिर्फ स्वाद में खास होती है, बल्कि सेहत के लिए भी किसी औषधि से कम नहीं मानी जाती। आमतौर पर लोग इसे सलाद, सब्जी या पराठे के रूप में खाते हैं, लेकिन आयुर्वेद और आधुनिक चिकित्सा दोनों ही पद्धतियों में मूली को गुणों का भंडार बताया गया है। नियमित रूप से मूली का सेवन करने से शरीर को कई तरह के स्वास्थ्य लाभ मिलते हैं।

पाचन तंत्र को मजबूत बनाती है मूली

लोकल 18 से बातचीत में रायबरेली जिले के आयुष चिकित्सालय शिवगढ़ की प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. स्मिता श्रीवास्तव (बीएएमएस, लखनऊ विश्वविद्यालय) बताती हैं कि मूली का सफेद कंद पाचन तंत्र को मजबूत करने में बेहद सहायक होता है।
मूली में भरपूर मात्रा में फाइबर पाया जाता है, जो पाचन क्रिया को बेहतर बनाता है और कब्ज, गैस व अपच जैसी समस्याओं से राहत दिलाने में मदद करता है।

एसिडिटी और भूख की समस्या में फायदेमंद

डॉ. स्मिता के अनुसार, भोजन के साथ मूली का सेवन करने से पेट हल्का रहता है और भूख भी संतुलित बनी रहती है। जिन लोगों को बार-बार एसिडिटी की शिकायत रहती है, उनके लिए मूली का सेवन काफी लाभकारी माना जाता है।

लीवर को करता है डिटॉक्स

मूली लीवर के लिए भी बेहद फायदेमंद है। इसमें मौजूद तत्व लीवर को डिटॉक्स करने में मदद करते हैं, जिससे शरीर में जमा विषैले पदार्थ बाहर निकलते हैं और लीवर की कार्यक्षमता बढ़ती है।
डॉ. स्मिता बताती हैं कि मूली का रस पीलिया की रोकथाम में भी उपयोगी माना जाता है।

इम्यूनिटी बढ़ाने में सहायक

मूली में विटामिन-सी, पोटैशियम और एंटीऑक्सीडेंट्स भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं, जो शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करते हैं। सर्दियों में मूली का सेवन करने से सर्दी-खांसी और मौसमी संक्रमण से बचाव में भी मदद मिलती है।

त्वचा, बाल और दिल के लिए भी फायदेमंद

मूली में मौजूद सल्फर यौगिक त्वचा और बालों की सेहत के लिए लाभकारी होते हैं। वहीं, हृदय स्वास्थ्य की बात करें तो मूली में पाया जाने वाला पोटैशियम ब्लड प्रेशर को नियंत्रित रखने में मदद करता है, जिससे दिल से जुड़ी बीमारियों का खतरा कम होता है।
इसके अलावा मूली कोलेस्ट्रॉल को संतुलित रखने में भी सहायक मानी जाती है।

संतुलित मात्रा में करें सेवन

विशेषज्ञों का कहना है कि मूली सेहत के लिए बेहद फायदेमंद है, लेकिन इसका सेवन संतुलित मात्रा में ही करना चाहिए। अधिक मात्रा में सेवन करने से कुछ लोगों को गैस या पेट से जुड़ी दिक्कत हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!