थाना प्रभारी कंचन सिंह ठाकुर की पहल: हर मंगलवार होगी जनसुनवाई, पहले दिन पहुंचे 5 आवेदक

माखननगर। थाना प्रभारी कंचन सिंह ठाकुर ने आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण और पुलिस-जन संवाद को मजबूत बनाने के उद्देश्य से एक नई पहल शुरू की है। इसके तहत अब प्रत्येक मंगलवार को थाना परिसर में नियमित जनसुनवाई आयोजित की जाएगी।


मंगलवार को आयोजित पहली जनसुनवाई में कुल 5 आवेदक अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। इनमें से दो मामले पारिवारिक विवाद से संबंधित थे, जिनमें दोनों पक्षों को समझाइश देकर मौके पर ही समाधान करने का प्रयास किया गया और विवाद का निराकरण किया गया।


इसके अलावा दो मामले भूमि विवाद से जुड़े पाए गए। चूंकि यह विषय राजस्व विभाग के अधिकार क्षेत्र में आता है, इसलिए संबंधित आवेदकों को उचित कार्रवाई के लिए तहसील कार्यालय जाने की सलाह दी गई।


वहीं एक आवेदक ने झूठे प्रकरण में फंसाने की शिकायत दर्ज कराई। इस मामले में पुलिस द्वारा पहले से विवेचना की जा रही है। जनसुनवाई के दौरान आवेदक को मामले की निष्पक्ष जांच का आश्वासन देते हुए उसकी शिकायत के निराकरण का भरोसा दिलाया गया।


थाना प्रभारी कंचन सिंह ठाकुर ने बताया कि अब से प्रत्येक मंगलवार दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक थाना परिसर में जनसुनवाई आयोजित की जाएगी। इसका उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं को सुनकर उनका शीघ्र एवं प्रभावी समाधान करना है, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।


उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि यदि उन्हें किसी प्रकार की पुलिस संबंधी समस्या या शिकायत है, तो वे निर्धारित समय पर थाने में उपस्थित होकर अपनी बात रख सकते हैं।

image_pdfimage_print

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!