Pm’s Bhopal Visit : सुरक्षा से लेकर संचालन तक सब कुछ महिला शक्ति के हाथ में

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शनिवार को भोपाल दौरे में महिला सशक्तिकरण की नई तस्वीर सामने आने वाली है। पहली बार किसी बड़े सरकारी आयोजन की संपूर्ण जिम्मेदारी महिला अधिकारियों और कर्मचारियों के हाथों में सौंपी गई है। सुरक्षा, मंच संचालन, साइट मैनेजमेंट से लेकर हेलीपैड और कारकेट तक हर स्तर पर महिलाएं अग्रणी भूमिका निभाएंगी। खास बात यह है कि दतिया से पहले विमान को महिला पायलट ही उड़ाएगी, जो इस आयोजन में नारी शक्ति के प्रभावशाली प्रतिनिधित्व का प्रतीक बनेगी। वहीं, इंदौर में मेट्रो के पहले फेरे में महिलाएं ही सवार होंगी।

300 रुपये के सिक्के में 50% चांदी

31 मई को भोपाल में देवी अहिल्याबाई की 300वीं जयंती पर महिला सम्मेलन होगा। पीएम मोदी देश का पहला 300 का स्मारक सिक्का जारी करेंगे। शुक्रवार को वित्त मंत्रालय ने इस संबंध में गजट अधिसूचना भी जारी कर दी है। 35 ग्राम वजनी सिक्के में चांदी की मात्रा 50% होगी। एक तरफ अहिल्या बाई का फोटो होगा। ऊपरी तरफ हिंदी तथा निचली परिधि पर अंग्रेजी में अहिल्या बाई होल्कर की 300वीं जयंती लिखा होगा। बाएं और दाएं तरफ 1725-2025 लिखा होगा। दूसरी तरफ अशोक स्तंभ के नीचे रुपये के प्रतीक चिह्न के साथ मूल्यवर्ग 300 लिखा होगा अशोक स्तंभ के दाएं-बाएं हिंदी तथा अंग्रेजी में भारत लिखा होगा। यह देश-दुनिया में जारी होने वाला ऐसा पहला सिक्का होगा, जिसका मूल्यवर्ग 300 रुपये है। प्रधानमंत्री मोदी लोकमाता देवी अहिल्याबाई की 300वीं जयंती पर विशेष डाक टिकिट भी जारी करेंगे।

सप्ताह में चार दिन दतिया से चलेगी फ्लाइट

प्रधानमंत्री मोदी नवनिर्मित दतिया एयरपोर्ट का भोपाल से वर्चुअली लोकार्पण करेंगे। यह एयरपोर्ट दतिया के विकास को नई उड़ान देगा और इससे श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिलेगी। 60 करोड की लागत से बना यह एयरपोर्ट 124 एकड़ में फैला है। इसमें 1.81 किमी लंबा रनवे, दो चेक-इन काउंटर और 50 कारों की पार्किंग की सुविधा है। फ्लाईबिग एयरलाइन की 19 सीटर फ्लाइट्स हफ्ते में चार दिन संचालित होंगी।

सतना एयरपोर्ट पर 19 सीटर विमान उतर सकेंगे

प्रधानमंत्री सतना एयरपोर्ट का लोकार्पण भी करेंगे। 37 करोड़ की लागत से सतना की पुरानी हवाई पट्टी का पुनर्निर्माण कर आधुनिक एयरपोर्ट बनाया गया। 1200 मीटर रनवे तैयार किया गया है, जिसमें 19 सीटर विमान आसानी से उतर सकेंगे। एक समय में दो विमानों की पार्किंग की सुविधा उपलब्ध है। एयरपोर्ट पर 750 वर्गमीटर क्षेत्र में हवाई टर्मिनल बिल्डिंग, एटीसी टावर, वीआईपी लाउंज, विशेष जरूरतमंदों के लिए सुविधाएं और सुरक्षा के सभी इंतजाम पूरे किए गए हैं। एयरपोर्ट की कुल 5.5 किमी बाउंड्री वॉल सुरक्षा के लिए तैयार की गई है। एयरपोर्ट शुरू होने से सतना सहित पूरे विंध्य क्षेत्र को उद्योग, पर्यटन, शिक्षा, और स्वास्थ्य क्षेत्र में विकास के नए अवसर मिलेंगे।

इंदौर एक नए युग में करेगा प्रवेश

प्रधानमंत्री भोपाल से वर्चुअली इंदौर मेट्रो के सुपर प्रॉयोरिटी कॉरिडोर पर यात्री सेवा का शुभारंभ करेंगे। यह लगभग 6 किलोमीटर का हिस्सा येलो लाइन का है। इसमें पांच स्टेशन गांधीनगर स्टेशन, सुपर कॉरिडोर 6 स्टेशन, सुपर कॉरिडोर 5 स्टेशन, सुपर कॉरिडोर 4 स्टेशन और सुपर कॉरिडोर 3 स्टेशन शामिल हैं। यह कॉरिडोर ट्रैफिक और प्रदूषण कम करेगा। साथ ही यात्रियों को आरामदायक सफर प्रदान करेगा। सुपर प्रायोरिटी कॉरिडोर न केवल तकनीकी दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि इंदौर की आधुनिकता की ओर बढ़ती दिशा का प्रतीक भी है।

पंचायतों को स्थायी भवन

483 करोड़ रुपये की लागत से 1271 नए अटल ग्राम सुशासन भवनों के लिए पीएम पहली किश्त का अंतरण करेंगे। अटल ग्राम सुशासन भवनों के निर्माण से ग्राम पंचायतों को स्थाई भवन की सुविधा मिलेगी। ग्राम पंचायातों को प्रशासनिक कार्य करने, बैठकों के आयोजन एवं रिकार्ड प्रबंधन में सहायता मिलेगी।