माखन नगर महाविद्यालय के पिट्टू खिलाड़ियों का संभाग स्तर पर चयन, बेगमगंज में करेंगे जिले का प्रतिनिधित्व

माखन नगर। श्री माखनलाल चतुर्वेदी शासकीय महाविद्यालय, माखन नगर के लिए यह अत्यंत हर्ष और गौरव का विषय है कि महाविद्यालय के चार छात्राओं एवं दो छात्रों का चयन नर्मदापुरम जिला पिट्टू टीम में हुआ है। चयनित खिलाड़ी आगामी संभाग स्तरीय अंतर जिला पिट्टू प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे, जो रायसेन जिले के बेगमगंज में आयोजित की जाएगी।

विदित हो कि विगत दिनों जिला स्तरीय अंतर महाविद्यालय पिट्टू महिला एवं पुरुष प्रतियोगिता का आयोजन श्री माखनलाल चतुर्वेदी शासकीय महाविद्यालय, माखन नगर में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ था। इस प्रतियोगिता में महाविद्यालय की छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिला स्तर पर विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया।

प्रतियोगिता के उपरांत चयन समिति द्वारा श्रेष्ठ प्रदर्शन के आधार पर महाविद्यालय की चार छात्राओं और दो छात्रों का चयन संभाग स्तरीय प्रतियोगिता हेतु किया गया।

चयनित खिलाड़ी

महिला वर्ग (नर्मदापुरम जिला टीम):

  • कुमारी चांदनी यादव (कप्तान)
  • कुमारी रचना यादव
  • कुमारी प्रिया यादव
  • कुमारी मधु यादव

पुरुष वर्ग (नर्मदापुरम जिला टीम):

  • मनोज अहिरवार
  • निखिल अहिरवार

11–12 फरवरी को होगी संभाग स्तरीय प्रतियोगिता

महाविद्यालय के क्रीड़ा अधिकारी डॉ. राजकुमार पटवा ने जानकारी देते हुए बताया कि नर्मदापुरम जिले की टीम में चयनित माखन नगर महाविद्यालय के समस्त खिलाड़ी 11 एवं 12 फरवरी को भोपाल संभाग अंतर्गत रायसेन जिले के शासकीय महाविद्यालय, बेगमगंज में आयोजित संभाग स्तरीय पिट्टू प्रतियोगिता में सहभागिता करने के लिए रवाना होंगे।

महाविद्यालय परिवार ने दी शुभकामनाएं

छात्र-छात्राओं की इस उपलब्धि पर महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. नीता चौबे, क्रीड़ा प्रभारी डॉ. आई.एस. कनेश, प्रो. डी.एस. खत्री, डॉ. अमिताभ शुक्ला, डॉ. धर्मेंद्र चौहान, ग्रंथपाल अजय मेहरा सहित समस्त महाविद्यालय परिवार ने खिलाड़ियों को आगामी प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। महाविद्यालय के खिलाड़ियों की यह सफलता न केवल संस्थान बल्कि पूरे नर्मदापुरम जिले के लिए गर्व का विषय है।