प्राथमिक शिक्षक चयन परीक्षा-2025: चयनित जिले में 82 अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का भौतिक सत्यापन संपन्न

नर्मदापुरम। प्राथमिक शिक्षक चयन परीक्षा-2025 के तहत चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति प्रक्रिया आगे बढ़ाते हुए जिले में दस्तावेजों के भौतिक सत्यापन का कार्य किया गया। इस दौरान 82 चयनित प्राथमिक शिक्षक अभ्यर्थियों के मूल दस्तावेजों का अधिकारियों द्वारा गहन परीक्षण एवं सत्यापन किया गया। यह प्रक्रिया शासन के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार आयोजित की गई।

सत्यापन के दौरान अभ्यर्थियों के शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, जाति प्रमाण-पत्र, निवास प्रमाण-पत्र, पहचान संबंधी दस्तावेज, चयन सूची से संबंधित अभिलेख एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों का मिलान मूल प्रतियों से किया गया। अधिकारियों ने प्रत्येक अभ्यर्थी के दस्तावेजों की सावधानीपूर्वक जांच की ताकि नियुक्ति प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और त्रुटिरहित रहे।
जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिन अभ्यर्थियों के दस्तावेज सही पाए गए हैं, उनकी नियुक्ति संबंधी आगामी प्रक्रिया शासन के निर्देशानुसार आगे बढ़ाई जाएगी। वहीं, यदि किसी अभ्यर्थी के दस्तावेजों में कोई कमी या विसंगति पाई जाती है तो नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि प्राथमिक शिक्षक एवं प्राथमिक शिक्षक (विशेष शिक्षा) चयन परीक्षा-2025 के चयनित अभ्यर्थियों के लिए प्रोफाइल पंजीयन, दस्तावेज अपलोड और सत्यापन की प्रक्रिया निर्धारित समय-सीमा के अनुसार संचालित की जा रही है। इसी क्रम में जिले में भौतिक सत्यापन की कार्रवाई पूरी की गई।