रासेयो शिविर का छठा दिन: स्वास्थ्य परीक्षण व बौद्धिक सत्र का आयोजन

माखन नगर । श्री माखनलाल चतुर्वेदी शासकीय महाविद्यालय, माखन नगर की राष्ट्रीय सेवा योजना (रासेयो) इकाई क्रमांक 1 एवं 2 के सात दिवसीय विशेष आवासीय शिविर के छठवें दिन बुधवार को स्वास्थ्य परीक्षण एवं बौद्धिक सत्र का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः प्रभात फेरी से हुई, जिसके पश्चात महाविद्यालय के क्रीड़ा अधिकारी डॉ. राजकुमार पटवा ने शिविरार्थियों को योगाभ्यास और शारीरिक व्यायाम कराया। वहीं सुबह 11 बजे माखन नगर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शिविर स्थल पहुंचकर सभी शिविरार्थियों, ग्रामीणों एवं कार्यक्रम अधिकारियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस दौरान सभी का ब्लड सैंपल भी लिया गया, जिसे जांच के लिए जिला लैब भेजा गया।

दोपहर में आयोजित बौद्धिक सत्र की शुरुआत अतिथियों के स्वागत से हुई। शिविर की दलनायक कुमारी दीक्षा अहिरवार एवं चांदनी यादव ने रेहटी महाविद्यालय से पधारे डॉ. पुनीत कुमार मालवी, डॉ. मनमोहन द्विवेदी, डॉ. दीपक रजनी, समाजसेवी यशवंत दुबे, श्री राघव उपाध्याय एवं महाविद्यालय के वाणिज्य विभागाध्यक्ष लेफ्टिनेंट डॉ. आई.एस. कनेश का तिलक लगाकर एवं रासेयो बैच प्रदान कर अभिनंदन किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता डॉ. पुनीत कुमार मालवीय, जो पूर्व में राष्ट्रीय स्तर के शिविर में सहभागिता कर चुके हैं, ने राष्ट्रीय सेवा योजना के मुख्य उद्देश्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने स्वयंसेवकों के साथ सामूहिक रूप से रासेयो गीत का गायन कर वातावरण को ऊर्जावान बना दिया।

डॉ. आई.एस. कनेश ने शिविरार्थियों द्वारा पिछले छह दिनों में किए गए कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा, “इस शिविर से आप जो सीख लेकर जाते हैं, उसे अपने दैनिक जीवन, परिवार और समाज में व्यापक रूप से प्रचारित-प्रसारित करें, ताकि इसका लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचे।”

इस अवसर पर अतिथियों ने शिविर की दैनिक दिनचर्या एवं सिविल चार्ट का विमोचन किया। तत्पश्चात उन्होंने शिविर स्थल का निरीक्षण किया और ग्रामीणों से संवाद कर शिविरार्थियों के कार्यों के बारे में जानकारी ली। ग्रामीणों ने स्वयंसेवकों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि प्रतिवर्ष यह शिविर ग्राम गूजरवाड़ा में ही लगाया जाए, जिससे गांव का विकास होगा और सरकारी योजनाओं की जानकारी आसानी से उन तक पहुंच सकेगी।

उल्लेखनीय है कि पूर्व राज्य स्तरीय स्वयंसेविका कुमारी शिवानी प्रजापति लगातार शिविरार्थियों का मार्गदर्शन कर रही हैं। कार्यक्रम का सफल संचालन मंजीत यादव ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन दलनायक स्वास्तिक रावत ने किया। अंत में कार्यक्रम अधिकारी डॉ. धर्मेंद्र सिंह चौहान एवं डॉ. कविता दुबे ने अतिथियों को रासेयो का स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। शिविर सहायक के रूप में डॉ. सुमन अवस्थी एवं अशोक पाटिल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!