ग्राम शुक्करवाड़ा में राष्ट्रीय सेवा योजना का एक दिवसीय शिविर सम्पन्न

माखन नगर। श्री माखनलाल चतुर्वेदी शासकीय महाविद्यालय, माखन नगर द्वारा प्राचार्य डॉ. नीता चौबे के निर्देशन में राष्ट्रीय सेवा योजना की इकाई–01 एवं इकाई–02 के संयुक्त तत्वावधान में गोद ग्राम शुक्करवाड़ा में एक दिवसीय शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर के अंतर्गत स्वच्छता अभियान, मतदाता जागरूकता एवं साइबर अपराध से बचाव को लेकर रैली का आयोजन किया गया। साथ ही ग्राम के चौराहों, विद्यालय एवं पंचायत भवन परिसर में व्यापक रूप से सफाई अभियान चलाया गया।

पांच समूहों में विभाजित कर किया ग्राम संपर्क अभियान

दल नायक स्वस्तिक रावत एवं चांदनी यादव के नेतृत्व में स्वयंसेवकों को पाँच समूहों— स्वामी विवेकानंद समूह,,सरदार भगत सिंह समूह,नेताजी सुभाषचंद्र बोस समूह,रानी लक्ष्मीबाई समूह,देवी अहिल्याबाई समूह में विभाजित कर ग्राम संपर्क अभियान चलाया गया। इस दौरान ग्राम की समस्याओं से संबंधित 52 परिवारों से प्राथमिक आंकड़ों का संग्रह किया गया।

नशामुक्ति पर नुक्कड़ नाटक

शिविर के दौरान नशामुक्ति विषय पर नुक्कड़ नाटक का भी आयोजन किया गया, जिसे ग्रामीणों ने सराहा। इस नाटक के माध्यम से समाज में नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।

शिविर का निरीक्षण करने पहुंचे राष्ट्रीय सेवा योजना जिला संघटक प्रो. डी.एस. खत्री ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि यह शिविर शोध एवं सामाजिक चेतना की दिशा में एक सराहनीय प्रयास है। उन्होंने बड़ी संख्या में उपस्थित स्वयंसेवकों को देखकर उन्हें प्रोत्साहित भी किया।

स्वयंसेवकों ने साझा किए अनुभव

शिविर के समापन अवसर पर स्वयंसेवकों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि इस शिविर से उन्हें सामाजिक जिम्मेदारियों और ग्रामीण समस्याओं को समझने का अवसर मिला तथा उन्होंने बहुत कुछ नया सीखने का अनुभव किया।

कार्यक्रम अधिकारी डॉ. कविता दुबे एवं डॉ. धर्मेंद्र सिंह चौहान के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में डॉ. आई.एस. कनेश, डॉ. राजकुमार पटवा, प्रो. शिवानी मालवीय, श्री अशोक मेहरा सहित ग्राम के सरपंच, उपसरपंच, विद्यालय प्राचार्य एवं ग्रामीणों का सराहनीय सहयोग रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!