ब्रेकिंग
बुधवार, 9 सितंबर 2026
Denva Post
सभी खबरें
नर्मदापुरम · 7 मिनट पहले

‘मां तुझे प्रणाम’ योजना में युवाओं को अंतरराष्ट्रीय सीमा की निःशुल्क अनुभव यात्रा का मौका

हर विकासखंड से 10 युवाओं का होगा चयन, 15 से 25 वर्ष के युवक-युवतियां कर सकेंगे आवेदन

गोविंद यादव
गोविंद यादव
Reporter · 7 मिनट पहले
शेयर
‘मां तुझे प्रणाम’ योजना में युवाओं को अंतरराष्ट्रीय सीमा की निःशुल्क अनुभव यात्रा का मौका

नर्मदापुरम। मध्यप्रदेश शासन की महत्वाकांक्षी ‘मां तुझे प्रणाम’ योजना के तहत युवाओं को भारत की अंतरराष्ट्रीय सीमाओं की निःशुल्क अनुभव यात्रा का अवसर दिया जा रहा है। इसके लिए जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग, नर्मदापुरम ने पात्र युवाओं से आवेदन आमंत्रित किए हैं।

योजना का उद्देश्य युवाओं में देशभक्ति, राष्ट्रप्रेम और देश की अंतरराष्ट्रीय सीमाओं के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करना है। अनुभव यात्रा के दौरान चयनित युवाओं को सीमाओं पर तैनात सैन्य बलों की कार्यप्रणाली, चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों, दिनचर्या और जीवनशैली को करीब से जानने का अवसर मिलेगा।

अब तक 15 हजार से अधिक युवा कर चुके सीमा दर्शन

जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी के अनुसार, प्रदेश में अब तक 15 हजार से अधिक युवाओं को ‘मां तुझे प्रणाम’ योजना के अंतर्गत सीमा दर्शन यात्रा कराई जा चुकी है। वर्ष 2026-27 के लिए अब विकासखंड स्तर पर युवाओं का चयन किया जाना है।

हर विकासखंड से 10 युवाओं का चयन

योजना के तहत प्रत्येक विकासखंड से कुल 10 युवाओं का चयन किया जाएगा। इनमें 5 युवक और 5 युवतियां शामिल होंगी।

चयन प्रक्रिया लॉटरी सिस्टम के माध्यम से पारदर्शी तरीके से की जाएगी। प्राप्त आवेदनों को जिला स्तर पर कलेक्टर की अध्यक्षता में गठित चयन समिति के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। समिति की देखरेख में लॉटरी के माध्यम से अंतिम चयन किया जाएगा।

इन श्रेणियों के युवाओं को मिलेगा प्रतिनिधित्व

प्रत्येक वर्ग में निम्न श्रेणियों से युवाओं का चयन किया जाएगा—

1 एनसीसी कैडेट

1 एनएसएस स्वयंसेवक

1 खिलाड़ी

1 मेधावी छात्र

1 स्काउट/गाइड

इसी मापदंड के आधार पर युवतियों का भी चयन किया जाएगा।

15 से 25 वर्ष आयु के युवा कर सकेंगे आवेदन

आवेदन के लिए युवा की आयु 15 से 25 वर्ष के बीच होना आवश्यक है। आयु की गणना निर्धारित कटऑफ तिथि के आधार पर की जाएगी।

वहीं, जो युवा पहले ही ‘मां तुझे प्रणाम’ योजना का लाभ ले चुके हैं, वे इस बार दोबारा पात्र नहीं होंगे।

यहां से मिलेगा आवेदन पत्र

इच्छुक युवा निर्धारित आवेदन पत्र जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग, पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर, नर्मदापुरम से प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा विकासखंड स्तर पर पदस्थ विकासखंड युवा समन्वयक के माध्यम से भी आवेदन पत्र प्राप्त किए जा सकते हैं।

आवेदन के साथ ये दस्तावेज जरूरी

अनुभव यात्रा के लिए आवेदन करने वाले युवाओं को निर्धारित आवेदन पत्र के साथ फिटनेस/चिकित्सकीय प्रमाण-पत्र और संबंधित थाने से जारी चरित्र प्रमाण-पत्र निर्धारित प्रारूप में संलग्न करना अनिवार्य होगा।

पूर्ण रूप से भरा हुआ आवेदन पत्र आवश्यक दस्तावेजों के साथ जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी, नर्मदापुरम के कार्यालय में जमा करना होगा।

युवाओं के लिए देश की सीमाओं को करीब से जानने का अवसर

‘मां तुझे प्रणाम’ योजना के जरिए युवाओं को देश की सीमाओं और वहां तैनात जवानों के जीवन को करीब से समझने का अवसर मिलता है। योजना के तहत होने वाली अनुभव यात्रा युवाओं में राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।

यह खबर शेयर करें
शेयर
ज़्यादा जानें
राजनीति
राजनीतिक
राजनीतिक ख़बरें पढ़ें