गुड़ और नारियल के लड्डू: स्वाद के साथ सेहत का खजाना, घर पर ऐसे बनाएं
गुड़ और नारियल के स्वादिष्ट लड्डू घर पर आसानी से बनाएं। जानिए सामग्री, बनाने की विधि और लड्डू को परफेक्ट बनाने के आसान टिप्स।


लाइफस्टाइल डेस्क। नारियल के लड्डू भारतीय मिठाइयों में अपनी खास जगह रखते हैं। मीठा खाने के शौकीन लोगों को नारियल के लड्डू काफी पसंद आते हैं। आमतौर पर आपने चीनी से बने नारियल के लड्डू जरूर खाए होंगे, लेकिन अगर आप कुछ अलग और पारंपरिक स्वाद लेना चाहते हैं तो गुड़ और नारियल के लड्डू एक बेहतरीन विकल्प हैं।
गुड़ और नारियल से तैयार होने वाली यह मिठाई स्वादिष्ट होने के साथ-साथ बनाने में भी बेहद आसान है। खास बात यह है कि इसमें रिफाइंड चीनी की जगह गुड़ का इस्तेमाल किया जाता है। सर्दियों के मौसम में इसे घर पर आसानी से बनाया जा सकता है। वहीं त्योहारों पर भी यह पारंपरिक मिठाई मेहमानों को परोसने के लिए बढ़िया विकल्प है।
गुड़ और नारियल के लड्डू बनाने के लिए सामग्री
सूखा नारियल या नारियल का बूरा – 2 कप
गुड़ – 1 कप
देशी घी – 2 बड़े चम्मच
हरी इलायची पाउडर – ½ छोटा चम्मच
काजू और बादाम – 2 बड़े चम्मच, बारीक कटे हुए
दूध या पानी – 2 से 3 चम्मच
ऐसे बनाएं गुड़ और नारियल के लड्डू
स्टेप 1: नारियल को भूनें
सबसे पहले एक भारी तले वाली कढ़ाई गर्म करें। इसमें 1 बड़ा चम्मच देसी घी डालकर कद्दूकस किया हुआ सूखा नारियल डालें। नारियल को धीमी आंच पर 2 से 3 मिनट तक हल्का भूनें। ध्यान रखें कि नारियल का रंग नहीं बदलना चाहिए। बस हल्की खुशबू आने तक इसे भूनें। इसके बाद नारियल को एक प्लेट में निकाल लें।
स्टेप 2: गुड़ पिघलाएं
अब उसी कढ़ाई में बचा हुआ 1 बड़ा चम्मच घी डालें। इसमें बारीक कटा या तोड़ा हुआ गुड़ डालकर 2 से 3 चम्मच पानी या दूध मिलाएं। गैस की आंच धीमी रखें और गुड़ को धीरे-धीरे पिघलने दें। इस रेसिपी में गुड़ की तार वाली चाशनी बनाने की जरूरत नहीं है। गुड़ पूरी तरह पिघलकर हल्का चिपचिपा हो जाए, इतना काफी है।
स्टेप 3: सभी सामग्री मिलाएं
गुड़ के पिघलते ही गैस बंद कर दें या आंच बिल्कुल धीमी कर दें। अब इसमें भुना हुआ नारियल, इलायची पाउडर और कटे हुए काजू-बादाम डालें। सभी सामग्री को अच्छी तरह मिलाएं, ताकि गुड़ नारियल और मेवों के साथ अच्छी तरह मिल जाए।
स्टेप 4: लड्डू तैयार करें
मिश्रण को कुछ देर ठंडा होने दें। जब मिश्रण इतना ठंडा हो जाए कि हाथ से संभाला जा सके, तब हथेलियों पर थोड़ा सा घी लगाएं। अब मिश्रण का थोड़ा हिस्सा लेकर हथेलियों के बीच गोल करते हुए लड्डू का आकार दें। इसी तरह सभी लड्डू तैयार कर लें।
लड्डू बनाते समय इन बातों का रखें ध्यान
गुड़ को बहुत ज्यादा देर तक न पकाएं, वरना मिश्रण ज्यादा सख्त हो सकता है और लड्डू बांधने में परेशानी आ सकती है। वहीं नारियल को तेज आंच पर भूनने से उसका स्वाद और रंग बदल सकता है। इसलिए दोनों काम धीमी आंच पर ही करें।
अगर मिश्रण ज्यादा सूखा लगे तो थोड़ा सा दूध या पानी मिलाया जा सकता है। लड्डू बांधने के लिए मिश्रण का हल्का गर्म और चिपचिपा होना बेहतर रहता है।
गुड़ और नारियल के लड्डू तैयार हैं। त्योहार हो, सर्दियों की शाम हो या घर में अचानक कुछ मीठा खाने का मन करे—यह आसान रेसिपी कम समय में स्वादिष्ट मिठाई तैयार करने का बढ़िया तरीका है।
ये भी पढ़ें:सावन-रक्षाबंधन पर घर में बनाएं हलवाई जैसा जालीदार घेवर

