एमएस धोनी ने IPL 2024 में हार्दिक पांड्या के 4 गेंद पर जड़ दिए 20 रन

IPL 2024: रविवार को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में रनों की बारिश हुई. एक हाई स्कोरिंग मैच में चेन्नई सुपर किंग्स ने मुंबई इंडियंस को उसके ही होम ग्राउंड पर 20 रनों से मात दी. मैच के दौरान एमएस धोनी ने हार्दिक पंड्या को लगातार तीन छक्के लगाए तो मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में भीड़ हैरान रह गई. धोनी सीएसके की पारी में चार गेंद शेष रहते बल्लेबाजी करने आए और 500 की स्ट्राइक रेट से 20 रन बनाए. हार्दिक के पास धोनी की विस्फोटक बल्लेबाजी का कोई जवाब नहीं था. धोनी की बल्लेबाजी देख भीड़ तालियां बजा रही थी. सीएसके के पूर्व कप्तान का हर एक शॉट लाजवाब था. धोनी के वही 20 रन टीम के काम आया और टीम उतने ही रनों के अंतर से यह मुकाबला जीत पाई.

IPL 2024: हार्दिक बनें धोनी के शिकार

हार्दिक पांड्या की पहली गेंद थोड़ी धीमी थी और एमएस धोनी ने तुरंत उसे ताड़ लिया और लॉन्ग-ऑफ पर जोरदार छक्का जड़ दिया. गेंदबाज ने इसके बाद एक फुल लेंथ गेंद फेंकी, लेकिन नतीजा वही रहा. धोनी ने उस गेंद को वाइड लॉन्ग-ऑन हवा में बाउंड्री के बाहर भेज दिया. अगली गेंद सबसे ज्यादा खराब थी. हार्दिक ने पैड पर एक लोवर फुलटॉस फेंकने का प्रया किया और धोनी ने डीप स्क्वायर लेग के ऊपर से मैच में अपना तीसरा छक्का आसानी से जड़ दिया. इसके बाद धोनी ने आखिरी गेंद पर दो रन बटोरे.

IPL 2024: हार्दिक का हर वार बेकार

धोनी ओवर की अंतिम गेंद पर भी छक्का जड़ना चाह रहे थे, लेकिन वह केवल दो रन ही ले पाए. धोनी की विस्फोटक पारी से सीएसके 200 के पार पहुंच गया. इससे पहले शिवम दुबे 66 रन बनाकर नाबाद रहे. कप्तान रुतुराज गायकवाड़ ने शानदार 69 रन बनाकर सीएसके को चार विकेट के नुकसान पर 206 रनों के बड़े स्कोर तक पहुंचाने में काफी मदद की. एमआई के गेंदबाज पारी के अधिकांश समय नियंत्रण में नहीं दिखे और हार्दिक पंड्या दो विकेट लेने वाले एकमात्र गेंदबाज रहे.

IPL 2024: गेंदबाजी में बुमराह नहीं दिखा पाए कोई कमाल

पहली पारी के बाद मुंबई इंडियंस के तेज गेंदबाज गेराल्ड कोएत्जी ने कहा कि यहां इस प्रकार का स्कोर बनता रहता है. रात होते ही ओस आ जाती है और बल्लेबाजों को मदद मिलती है. पिछले गेम में यही हुआ था. बुमराह के साथ खेलना बहुत फायदेमंद है. बुमराह शायद दुनिया में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज हैं और इस प्रारूप में उनका कोई जवाब नहीं है. इसलिए मुझे उनसे सीखने का मौका मिल रहा है. मुझे आईपीएल बहुत पसंद है. यहां क्रिकेट के लिए बहुत अच्छी परिस्थितियां हैं और आपको अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की जरूरत है.