Mp Weather Today:अप्रैल में ही तपने लगा मध्यप्रदेश: 43 डिग्री पार पारा, 16 जिलों में लू का अलर्ट

भोपाल मध्यप्रदेश में मौसम ने अचानक करवट लेते हुए भीषण गर्मी का रूप धारण कर लिया है। अप्रैल के दूसरे पखवाड़े की शुरुआत के साथ ही तापमान में तेजी से उछाल दर्ज किया गया है और प्रदेश के कई हिस्सों में लू जैसे हालात बन गए हैं।

शुक्रवार को खजुराहो में पारा 43.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे अधिक तापमान है। इसके अलावा उमरिया (42.9), टीकमगढ़-नौगांव (42.8), मंडला (42.5), दमोह, गुना और दतिया (42.2) में भी तेज गर्मी दर्ज की गई।

बड़े शहरों की बात करें तो जबलपुर सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 42 डिग्री तक पहुंच गया। वहीं भोपाल और ग्वालियर में 41.3 डिग्री, इंदौर में 40.6 और उज्जैन में 40.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

यह भी पढें-फोटोकॉपी वाला कन्या विवाह: जब सिस्टम ने जिम्मेदारी Xerox कर दी

16 जिलों में हीट वेव का अलर्ट

मौसम विभाग ने शनिवार के लिए 16 जिलों में लू का अलर्ट जारी किया है। इनमें नर्मदापुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट, छतरपुर, पन्ना सहित अलीराजपुर, झाबुआ, रतलाम, धार और रायसेन जैसे जिले शामिल हैं। आने वाले 2-3 दिनों में तापमान और बढ़ने की संभावना जताई गई है।

स्कूलों के समय में बदलाव

तेज गर्मी को देखते हुए बच्चों की सेहत को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन ने कई जिलों में स्कूलों के समय में बदलाव किया है। भोपाल में अब स्कूल सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक संचालित होंगे। इसके अलावा ग्वालियर, नर्मदापुरम, छिंदवाड़ा, रायसेन, बालाघाट, अनूपपुर और उमरिया में भी नई टाइमिंग लागू कर दी गई है।

यह भी पढें- Khandwa News:एकतरफा प्रेम बना खूनी साजिश: भाजपा नेता ने रची ‘हादसे’ की आड़ में हत्या की योजना, दो की मौत

बारिश से सीधे लू तक

गौरतलब है कि अप्रैल के पहले सप्ताह में प्रदेश में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का दौर देखने को मिला था। करीब 45 जिलों में बारिश और 15 से अधिक जिलों में ओले गिरे थे। लेकिन अब मौसम ने अचानक पलटी मारते हुए भीषण गर्मी का रूप ले लिया है।

बचाव ही सबसे बेहतर उपाय

स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को गर्मी से बचाव के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी है।

  • दिनभर पर्याप्त पानी पिएं
  • दोपहर की तेज धूप से बचें
  • हल्के और सूती कपड़े पहनें
  • बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें