Mp Weather Today:मार्च की शुरुआत में ही तपिश का अहसास, निमाड़ में 35 डिग्री पार, आगे और बढ़ेगा पारा

भोपाल। मध्य प्रदेश में मार्च ने आते ही गर्म तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। महीने के पहले ही दिन प्रदेश के अधिकांश शहरों में तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। निमाड़ अंचल के खरगोन में अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा।

राजधानी भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन और जबलपुर में भी तेज धूप और बढ़ते तापमान ने लोगों को गर्मी का अहसास करा दिया है।

अप्रैल-मई में पड़ेगी भीषण गर्मी

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अप्रैल और मई सबसे अधिक तपिश भरे महीने रहेंगे। ग्वालियर-चंबल, जबलपुर, रीवा, शहडोल और सागर संभाग के जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जा सकता है। वहीं भोपाल, इंदौर, उज्जैन और नर्मदापुरम संभाग भी भीषण गर्मी की चपेट में रहेंगे।

अगले चार दिन और चढ़ेगा पारा

मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले चार दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की और बढ़ोतरी हो सकती है। यानी मार्च की शुरुआत ही तपिश के साथ होगी। दिन के साथ-साथ रात के तापमान में भी धीरे-धीरे इजाफा दर्ज किया जा रहा है।
रविवार को पचमढ़ी को छोड़कर प्रदेश के लगभग सभी शहरों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री या उससे अधिक रहा। धार, गुना, खंडवा, श्योपुर, खजुराहो, मंडला, नरसिंहपुर, सतना और सिवनी में तापमान 33 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया।

रातें भी हो रहीं गर्म

फरवरी के अंत और मार्च की शुरुआत में रात का तापमान भी सामान्य से अधिक बना हुआ है। जबलपुर में न्यूनतम तापमान 19.3 डिग्री और सतना में 18.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। नर्मदापुरम, छिंदवाड़ा, सागर, टीकमगढ़ और उमरिया सहित कई शहरों में रात का पारा 17 डिग्री से ऊपर रहा।

रंगपंचमी पर बदल सकता है मौसम
गर्मी के बीच कुछ राहत की उम्मीद भी है। 4 मार्च से पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में सक्रिय हो रहे नए वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर दो दिन बाद मध्य प्रदेश में देखने को मिल सकता है। इसके चलते रंगपंचमी के आसपास कुछ जिलों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव हो सकता है।

मार्च में 40 डिग्री तक पहुंच सकता है तापमान

पिछले वर्षों के रुझानों पर नजर डालें तो मार्च में दिन गर्म, रातें अपेक्षाकृत ठंडी और बीच-बीच में बारिश का दौर देखने को मिलता है। इस बार भी कुछ ऐसे ही संकेत हैं। भोपाल, इंदौर और उज्जैन में दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि रातें 10 से 17 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। ग्वालियर में तापमान में उतार-चढ़ाव सबसे अधिक देखने को मिल सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!