Mp Weather Today:मध्य प्रदेश में मानसून की दस्तक में देरी, 40 से अधिक जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

भोपाल। मध्य प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून का इंतजार अभी कुछ दिन और लंबा हो सकता है। मौसम विभाग के अनुसार मानसून प्रदेश में सामान्य समय से 3 से 4 दिन की देरी से पहुंचने की संभावना है। हालांकि, प्रदेश में सक्रिय प्री-मानसून सिस्टम के कारण कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का दौर जारी रहने के आसार हैं।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक शुक्रवार को भिंड, मुरैना, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर जिलों में ओलावृष्टि की संभावना है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है। वहीं भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, ग्वालियर, जबलपुर, सागर, रीवा, शहडोल समेत 40 से अधिक जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है। मौसम विभाग ने 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की चेतावनी दी है।

मालवा-निमाड़ में गर्मी और उमस का असर

प्रदेश के मालवा-निमाड़ क्षेत्र में फिलहाल बारिश का कोई विशेष अलर्ट जारी नहीं किया गया है। इंदौर, उज्जैन, रतलाम, झाबुआ, अलीराजपुर, धार, बड़वानी और खरगोन जिलों में गर्मी और उमस का असर बना रह सकता है। हालांकि गुरुवार को मुरैना में तेज बारिश दर्ज की गई, जबकि ग्वालियर में लगभग आधा इंच वर्षा हुई। मंडला, सिवनी, दतिया सहित कई जिलों में हुई बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली।

43 डिग्री तक पहुंचा तापमान

बारिश के बावजूद प्रदेश के कई हिस्सों में गर्मी का असर बरकरार है। खजुराहो और नौगांव प्रदेश के सबसे गर्म शहर रहे, जहां अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा दमोह, सतना, रीवा, दतिया, मंडला और टीकमगढ़ में भी तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा।

सक्रिय मौसम प्रणालियों से बदल रहा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के पूर्वी हिस्से से एक ट्रफ लाइन गुजर रही है। इसके अलावा ऊपरी हवा में चक्रवाती परिसंचरण सहित अन्य मौसम प्रणालियां सक्रिय हैं, जिनके प्रभाव से प्रदेशभर में मौसम तेजी से करवट ले रहा है और कहीं तेज गर्मी तो कहीं बारिश का दौर देखने को मिल रहा है।

17-18 जून तक मध्य प्रदेश में प्रवेश कर सकता है मानसून

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि एक दिन के ठहराव के बाद दक्षिण-पश्चिम मानसून कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ चुका है। यदि मौसम की परिस्थितियां अनुकूल बनी रहीं तो मानसून 17 या 18 जून तक मध्य प्रदेश में प्रवेश कर सकता है। इसके बाद अगले 10 से 15 दिनों में पूरे प्रदेश में मानसून के सक्रिय होने की संभावना है।

फिलहाल प्रदेशवासियों को अगले कुछ दिनों तक तेज आंधी, बारिश और बदलते मौसम का सामना करना पड़ सकता है, जबकि मानसून की आधिकारिक दस्तक का इंतजार जारी रहेगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!