Mp Weather Today: 45 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, 7 अप्रैल के बाद पड़ेगी भीषण गर्मी

भोपाल। मध्यप्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। एक साथ कई सिस्टम एक्टिव होने के चलते प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का दौर जारी है। भारतीय मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में 45 जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है, जबकि यह स्थिति 7 अप्रैल तक बनी रहने के संकेत हैं। इसके बाद मौसम साफ होते ही तेज गर्मी का दौर शुरू होने की संभावना है।

चार सिस्टम के कारण बदला मौसम

प्रदेश इस समय साइक्लोनिक सर्कुलेशन (चक्रवात) और टर्फ लाइन से बने मजबूत सिस्टम की चपेट में है।
प्रदेश के बीचोंबीच एक टर्फ लाइन गुजर रही है, जबकि दूसरी ऊपरी स्तर पर सक्रिय है। इसके साथ ही पश्चिमी और उत्तरी हिस्सों में दो साइक्लोनिक सर्कुलेशन बने हुए हैं।

इन चारों सिस्टम के संयुक्त असर से पिछले चार दिनों से प्रदेश में लगातार आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का सिलसिला जारी है। शुक्रवार को भी 20 से ज्यादा जिलों में मौसम का यही मिजाज देखने को मिला।

यह भी पढ़ें-कलम का क्रांतिकारी और आज की राजनीति पर सवाल: माखनलाल चतुर्वेदी जयंती पर विशेष

45 जिलों में अलर्ट जारी

मौसम विभाग के अनुसार, भोपाल और ग्वालियर समेत 45 जिलों में तेज आंधी और बारिश की संभावना है।
इन सिस्टम्स के कारण रोजाना 30 से 35 जिलों में मौसम अचानक बदल रहा है—कहीं तेज हवाएं चल रही हैं तो कहीं बारिश और ओलावृष्टि हो रही है।

इन जिलों में ओलावृष्टि की चेतावनी

शनिवार को जबलपुर, कटनी, छतरपुर, पन्ना और दमोह जिलों में ओले गिरने का अलर्ट जारी किया गया है।

इसके अलावा भोपाल, ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, नीमच, मंदसौर, आगर-मालवा, राजगढ़, शाजापुर, सीहोर, हरदा, खंडवा, बुरहानपुर, बैतूल, नर्मदापुरम, रायसेन, सागर, विदिशा, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, अनूपपुर, उमरिया, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, रीवा, सतना, मैहर, निवाड़ी और टीकमगढ़ में गरज-चमक के साथ तेज आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है।

तेज रफ्तार से चलेंगी हवाएं

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले चार दिन यानी 7 अप्रैल तक तेज हवाओं का दौर जारी रहेगा।
कुछ जिलों में हवा की रफ्तार 50 से 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जबकि अन्य जगहों पर 30 से 40 किमी प्रति घंटे की गति से हवाएं चलेंगी।

यह भी पढ़ें-Bhopal News: ईरान-अमेरिका तनाव के बीच गैस एजेंसियों की मनमानी पर सख्ती, भोपाल में विशेष जांच अभियान शुरू

7 अप्रैल से फिर बदलेगा मौसम

प्रदेश में मौसम की गतिविधियां अभी थमने वाली नहीं हैं। 7 अप्रैल से एक और वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होने जा रहा है, जिसके असर से 10 अप्रैल तक कहीं आंधी तो कहीं बारिश का दौर जारी रह सकता है।

इसके बाद पड़ेगी भीषण गर्मी

मौसम सिस्टम के आगे बढ़ते ही प्रदेश में तापमान तेजी से बढ़ेगा।
अप्रैल के दूसरे सप्ताह से गर्मी का असर तेज होने लगेगा और महीने के अंत तक ग्वालियर, धार, खरगोन, बड़वानी और नौगांव-खजुराहो जैसे इलाकों में अधिकतम तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

दतिया, मुरैना, श्योपुर, बड़वानी, खरगोन और धार जिलों में भीषण गर्मी का असर ज्यादा देखने को मिलेगा, क्योंकि इन क्षेत्रों में गर्म हवाएं (लू) जल्दी सक्रिय हो जाती हैं।

सावधानी जरूरी

मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि आंधी-बारिश और ओलावृष्टि के दौरान सतर्क रहें, खुले स्थानों से बचें और बिजली गिरने की आशंका के चलते सुरक्षित स्थानों पर ही रहें।

फिलहाल प्रदेश में मौसम का यह उतार-चढ़ाव जारी रहेगा—जहां एक ओर बारिश राहत दे रही है, वहीं आने वाली गर्मी की चेतावनी भी साथ लेकर आ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This will close in 0 seconds

error: Content is protected !!