मध्य प्रदेश के मौसम में लगातार परिवर्तन देखने को मिल रहा है। जहां पिछले तीन दिनों से कई जिलों में बारिश और ओले के साथ तेज हवा चल रही है वहीं, अब धीरे-धीरे मौसम में परिवर्तन देखने को मिलेगा। शुक्रवार को प्रदेश के कई जिलों में तापमान बढ़ने के आसार हैं, वही भोपाल समेत कुछ जिलों में बादल भी छह सकते हैं। अभी तक वेस्टर्न डिस्टरबेंस और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के असर से प्रदेश का मौसम बदला हुआ था। अब इसका असर कम होगा।
सिवनी में पारा 28.2 डिग्री, उमरिया में 29.3 डिग्री, सीधी में 30.8 डिग्री, पचमढ़ी में 31 डिग्री, रीवा में 32 डिग्री और छिंदवाड़ा में 32.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इधर, नर्मदापुरम, रतलाम, धार और शिवपुरी में पारा बढ़ा रहा। नर्मदापुरम में सबसे ज्यादा 40.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। बड़े शहरों की बात करें तो भोपाल में 36.4 डिग्री, इंदौर में 37 डिग्री, ग्वालियर में 36.7 डिग्री, उज्जैन में 38.5 डिग्री और जबलपुर में 30.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।
अप्रैल में 7 से 10 दिन चल सकती है लू
मध्यप्रदेश में अप्रैल महीने में मौसम का मिला-जुला असर देखने को मिलेगा। पहले और दूसरे सप्ताह में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, दूसरे सप्ताह से लू भी चलेगी। सबसे गर्म आखिरी सप्ताह रहेगा। दिन का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस पार हो सकता है। मौसम विभाग के सीनियर वैज्ञानिक डॉ. वेदप्रकाश सिंह ने बताया कि इस बार तापमान के सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। वहीं, प्रदेश में अप्रैल महीने में 7 से 10 दिन तक हीट वेव यानी लू का असर देखने को मिल सकता है।
अप्रैल माह में ऐसा रहेगा मौसम
पहला सप्ताह: रात का तापमान सभी संभागों में सामान्य से 2-3 डिग्री ज्यादा (21-24 डिग्री) बना रहेगा। वहीं, दिन में पश्चिमी गर्म हवाओं के कारण अधिकतम तापमान इंदौर, सागर और नर्मदापुरम संभागों में सामान्य से ज्यादा 39 से 42 डिग्री तक रह सकता है। उज्जैन, भोपाल, ग्वालियर समेत बाकी संभागों में यह 38 से 41 डिग्री के बीच रहेगा। लगभग सभी जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना है। पहले सप्ताह में लू नहीं चलेगी।
दूसरा सप्ताह: इंदौर, उज्जैन और चंबल संभाग में रात का तापमान सामान्य से 2-3 डिग्री ज्यादा यानी 23 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। पूर्वी नम हवाओं के कारण थोड़ी राहत के साथ भोपाल, जबलपुर, सागर, रीवा, शहडोल, ग्वालियर और नर्मदापुरम संभाग में तापमान सामान्य यानी 22-24 डिग्री बना रहेगा। इंदौर, ग्वालियर, चंबल, सागर, रीवा और शहडोल संभाग में तापमान सामान्य से बढ़कर 41 से 43 डिग्री सेल्सियस रहेगा। 2 से 3 दिन लू भी चल सकती है। इस दौरान बारिश होने की संभावना नहीं है, लेकिन वेस्टर्न डिस्टरबेंस की वजह से दक्षिणी हिस्से में बादल जरूर छा सकते हैं।
तीसरा सप्ताह: उत्तर-पश्चिमी हवाओं के जोर पकड़ने के साथ इंदौर, भोपाल, ग्वालियर, चंबल, सागर, रीवा, नर्मदापुरम संभागों में न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। पूरे प्रदेश में दिन में अधिकतम तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। 2 से 3 दिन लू चल सकती है। हल्की बारिश होने की संभावना है।
चौथा सप्ताह: उत्तर-पश्चिमी हवाओं के लगातार जोर पकड़ने के साथ न्यूनतम तापमान पूरे प्रदेश में सामान्य से 3-4 डिग्री अधिक यानि 27 से 30 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा। दिन के साथ रातें भी गर्म हो जाएंगी। ग्वालियर, चंबल, सागर और रीवा संभाग में पारा 43-45 डिग्री जबकि इंदौर, उज्जैन-भोपाल सहित बाकी प्रदेश में 41 से 44 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। बंगाल क्षेत्र में साइक्लोनिक सर्कुलेशन सिस्टम की वजह से अप्रैल के आखिरी में 3 से 4 दिन तक लू का असर रह सकता है।