अधर्मियों को सबक सिखाएं
डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भगवान श्री राम के मंदिर के लिए 500 सालों तक संघर्ष चला। 70 सालों तक यह मामला कोर्ट में चला और सु्प्रीम कोर्ट से फैसला हुआ। लेकिन कांग्रेस और उनकी पार्टी के प्रत्याशियों के पेट में दर्द हो रहा है कि मंदिर क्यों बन गया? कांग्रेस के नेता रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का निमंत्रण ठुकराते हैं और उनका प्रत्याशी कहता है कि मंदिर से जरूरी कोई काम नहीं है क्या? डॉ. यादव ने कहा कि भगवान राम से हमारा रिश्ता लाखों साल पुराना है। हम तो दिन की शुरुआत भी राम-राम से करते हैं और जीवन के अंत समय में भी राम का नाम हमारे साथ होता है। हम किसी अनजान आदमी से भी मिलते हैं तो राम-राम करते हैं। ऐसे में वो दुर्भाग्यशाली हैं, जो भगवान राम का विरोध कर रहे हैं, उन्हें ठुकरा रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि लोकतंत्र में ताकत जनता के पास होती है और आप सब ये संकल्प लें कि जो राम का अपमान करेगा, उसे हम बर्दाश्त नहीं करेंगे। डॉ. यादव ने कहा कि भगवान कृष्ण के पास एक सुदर्शन चक्र था, जो अधर्मियों का नाश करता था। आपके पास भी वही ताकत है। जिस तरह कृष्ण की ऊंगली पर सुदर्शन चक्र होता था, आपकी ऊंगली में भी ताकत है। जब आप मतदान के समय बटन दबाएंगे, तब अपने धार्मिक ग्रंथों, धार्मिक स्थानों, विकास और जनकल्याण का और मोदी जी के कार्यों का विरोध करने वाले अधर्मियों का नाश हो जाएगा।
गरीब, दलित व आदिवासियों का कल्याण कर रही सरकार : वीडी
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी ने देश में वर्षों तक शासन किया, लेकिन उसने जनजातीय भाई-बंधुओं के हित के लिए कोई कार्य नहीं किया। जनजातीय बंधुओं के विकास और कल्याण की चिंता अगर किसी ने की है तो भाजपा सरकार ने की है। स्व. अटल बिहारी वाजपेयी जब प्रधानमंत्री बने तो उन्होंने जनजातीय कल्याण मंत्रालय बनाकर जनजातीय समाज के उत्थान के लिए बजट आवंटित किया। वर्ष 2014 में नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद जनजातीय जननायकों, क्रांतिवीरों और महापुरुषों को सम्मान देने के लिए गौरव दिवस की शुरूआत की गई साथ ही आदिवासी समाज को मान और सम्मान दिया जा रहा है। शर्मा ने कहा कि 2014 के बाद प्रधानमंत्री मोदी की सरकार गरीबों, दलितों और आदिवासियों का कल्याण कर रही है। आजादी के बाद से 2014 तक अधिकांश समय केंद्र में कांग्रेस की सरकार रही है, लेकिन कांग्रेस सरकार में सिर्फ भ्रष्टाचार हुआ, आए दिन नए-नए घोटाले सामने आते रहते थे। लेकिन 2014 में मोदी जी के प्रधानमंत्री बनने के बाद एक भी घोटाला नहीं हुआ।