
नर्मदापुरम। जनपद पंचायत नर्मदापुरम परिसर में मंगलवार को जिला स्तरीय समापन एवं सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में जिले के प्रभारी मंत्री राकेश सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, स्वयंसेवी संगठनों, जलदूतों और बड़ी संख्या में नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
समारोह की अध्यक्षता पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं नर्मदापुरम विधायक सीतासरण शर्मा ने की।
इस अवसर पर सांसद दर्शन सिंह चौधरी, राज्यसभा सांसद माया नारोलिया, सिवनीमालवा विधायक प्रेमशंकर वर्मा, सोहागपुर विधायक विजयपाल सिंह, पिपरिया विधायक ठाकुरदास नागवंशी, जिला पंचायत अध्यक्ष राधाबाई पटैल, जनपद पंचायत अध्यक्ष भूपेंद्र चौकसे सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं जल पूजन के साथ किया गया। इसके बाद जनपद पंचायत अध्यक्ष भूपेंद्र चौकसे ने स्वागत भाषण देते हुए सभी अतिथियों का अभिनंदन किया। विभिन्न जनप्रतिनिधियों ने अपने संबोधन में पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन और जनभागीदारी के महत्व पर प्रकाश डाला।
मुख्य अतिथि प्रभारी मंत्री राकेश सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि विकास और पर्यावरण संरक्षण के अभियान तभी सफल होंगे, जब समाज का प्रत्येक व्यक्ति अपनी जिम्मेदारी निभाएगा। उन्होंने जनसहभागिता को शासन की योजनाओं की सफलता का आधार बताते हुए उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों की सराहना की।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के विशेष संदेश का भी वाचन किया गया, जिसमें पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन और सतत विकास के प्रति प्रदेश सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया गया।
समारोह का मुख्य आकर्षण सम्मान समारोह रहा। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली ग्राम एवं जनपद पंचायतों, श्रमदानी नागरिकों, स्वयंसेवी संस्थाओं, जलदूतों तथा स्व-सहायता समूहों (एसएचजी) को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र एवं सम्मान पत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के समापन पर “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत प्रभारी मंत्री, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। समारोह में जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, स्वयंसेवी संगठन, जलदूत एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं शहरी नागरिक उपस्थित रहे।