इटारसी रेलवे स्टेशन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई: एक्सपायरी ब्रेड, दूषित खाद्य सामग्री, 1.85 क्विंटल पीडीएस नमक और 3 गैस सिलेंडर जब्त


नर्मदापुरम। इटारसी रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को परोसे जा रहे भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर जिला प्रशासन ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई की। कलेक्टर सोमेश मिश्रा के निर्देश पर प्रशासन, खाद्य विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने स्टेशन से जुड़े खानपान वेंडरों के ठिकानों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान एक्सपायरी डेट की ब्रेड, दूषित खाद्य सामग्री, 1 क्विंटल 85 किलो पीडीएस का नमक और 3 गैस सिलेंडर जब्त किए गए।


गंदगी में तैयार हो रहा था यात्रियों का खाना


संयुक्त टीम ने जांच के दौरान पाया कि कई वेंडर बेहद गंदे और अस्वच्छ माहौल में यात्रियों के लिए भोजन तैयार कर रहे थे। मोहर सिंह की बिल्डिंग में किराए से संचालित एक वेंडर के यहां एक्सपायरी ब्रेड मिली, जिसका सैंपल खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच के लिए भेज दिया।
वहीं सुमंत तिवारी की बिल्डिंग में स्टेशन पर सप्लाई किए जाने वाले भोजन के लिए तैयार आलू की सब्जी की तरी, बड़ी मात्रा में पके हुए आलू और अन्य संदिग्ध खाद्य सामग्री बरामद हुई। नगर पालिका इटारसी ने मौके पर ही इन खाद्य पदार्थों को नष्ट करने की कार्रवाई शुरू कर दी।


पीडीएस का नमक मिलने से बढ़ी गंभीरता


कार्रवाई के दौरान सबसे चौंकाने वाला खुलासा 1 क्विंटल 85 किलो पीडीएस (सार्वजनिक वितरण प्रणाली) के नमक की बरामदगी रही। प्रशासन को आशंका है कि यह नमक शासकीय राशन दुकान से अवैध रूप से निजी उपयोग में लाया गया था। अब इसकी जांच की जा रही है कि सरकारी वितरण का नमक वेंडरों तक कैसे पहुंचा और उसका उपयोग किस उद्देश्य से किया जा रहा था।


तीन गैस सिलेंडर भी जब्त


टीम ने मौके से तीन गैस सिलेंडर भी जब्त किए हैं। अधिकारियों ने सिलेंडरों की वैधता, उपयोग और सुरक्षा मानकों की जांच शुरू कर दी है।


कार्रवाई की भनक लगते ही ताला लगाकर भागे कुछ वेंडर


प्रशासनिक टीम के पहुंचने की सूचना मिलते ही कुछ अन्य स्थानों पर संचालित वेंडरों ने मकानों में ताला लगाकर भागने की कोशिश की। अधिकारियों ने ऐसे सभी ठिकानों की पहचान कर आगे भी जांच और कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।


इन वेंडरों पर हुई कार्रवाई


प्रशासन के अनुसार कार्रवाई उन वेंडरों पर की गई जो मुख्य टेंडरधारी कंपनियों के माध्यम से रेलवे स्टेशन पर खानपान सेवाएं संचालित कर रहे थे। इनमें राहुल इंटरप्राइजेज के लिए शेख इरफान खान, अतुल अवस्थी के यहां अजय महाला तथा होटल धर्मराज के लिए राजकुमार बघेल कार्यरत पाए गए।


अधिकारियों की संयुक्त टीम ने की छापेमारी


कार्रवाई का नेतृत्व अपर कलेक्टर राजेश शुक्ला, एसडीएम नीलेश शर्मा और एसडीओपी मिश्रा ने किया। टीम में तहसीलदार सुनीता साहनी, थाना प्रभारी सौरभ पांडे, खाद्य विभाग के अधिकारी जितेंद्र सिंह राणा, खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमलेश दीयावार, आरआई रितेश कुमार और पटवारी लोकेश ठाकरे भी शामिल रहे।


कड़ी कार्रवाई के निर्देश


कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने रेलवे स्टेशन सहित सभी सार्वजनिक स्थानों पर खाद्य सामग्री तैयार करने वाले वेंडरों की नियमित जांच के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच पूरी होने के बाद संबंधित फर्मों, किरायेदार वेंडरों और जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006, आवश्यक वस्तु अधिनियम-1955, पीडीएस कंट्रोल ऑर्डर-2015 सहित अन्य प्रासंगिक कानूनों के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

image_pdfimage_print

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!