क्या है वीडियो में?
कांग्रेस पार्टी ने जो वीडियो शेयर किया, उसमें भाजपा प्रत्याशी ज्योति मिर्धा बोल रही हैं, ‘देश के हित में कई कठोर निर्णय लेने पड़ते हैं, उनके लिए हमें संवैधानिक बदलाव करने पड़ते हैं। अगर संविधान के अन्दर हमें कोई बदलाव करना होता है, तो आपमें से कई लोग जानते हैं कि उसके लिए दोनों जो हमारे सदन हैं, लोकसभा और राज्यसभा दोनों में बहुमत चाहिए। लोकसभा में आज भारतीय जनता पार्टी और एनडीए का प्रचंड बहुमत है, उसमें कोई कमी नहीं है, लेकिन राज्यसभा में आज भी हमारी मैजोरिटी नहीं है। अगर इस बार, तीसरी बार एनडीए की सरकार आती है, तो शर्तिया… ‘
हालांकि यह वीडियो अधूरा है, क्योंकि आखिरी लाइन में वे क्या बोलना चाह रही हैं, वो बात पूरी नहीं हो पाई है। साथ ही इस वीडियो को अगर गौर से सुने तो ये पता चलता है कि वे प्रचार के दौरान जनता को बता रही हैं कि कठोर निर्णय या बड़े फैसले करने के लिए संविधान में बदलाव करने की जरूरत पड़ती है।
थरूर ने पूछा- भाजपा कितने उम्मीदवारों को वापस लेगी?
इसी वीडियो को शेयर करते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री शशि थरूर ने लिखा कि अनंत हेगड़े के बाद अब एक और भाजपा उम्मीदवार खुलेआम कह रही हैं कि बीजेपी का लक्ष्य संविधान को बदलना है। सच्चाई उजागर करने के लिए भाजपा और कितने उम्मीदवारों को अस्वीकार कर सकती है?
जयराम रमेश ने लिखा- यह सोची समझी रणनीति है
उधर थरूर के पोस्ट को रि-पोस्ट करते हुए कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा, ‘ये सभी स्वयं महासूत्रधार द्वारा संचालित हैं। यह सोची समझी रणनीति है।’
अनंत हेगड़े ने क्या कहा था?
इससे कुछ दिन पहले कर्नाटक से छह बार के भाजपा सांसद रहे अनंत हेगड़े ने कहा था कि संविधान में संशोधन करने और कांग्रेस द्वारा की गई विकृतियों को ठीक करने के लिए भाजपा को संसद के दोनों सदनों में दो तिहाई बहुमत की जरूरत है। हालांकि भाजपा ने खुद को उनके इस बयान से अलग करते हुए इसे उनका निजी विचार बताया था और साथ ही उनका लोकसभा का टिकट भी काट दिया।