
नर्मदापुरम/माखननगर। माखननगर थाना क्षेत्र के ग्राम फुरतला में 18 मई 2026 को हुई 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला रामबाई राजपूत की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। इस सनसनीखेज हत्याकांड में मृतका का सगा भतीजा राकेश राजपूत ही आरोपी निकला है। पुलिस की गहन जांच के बाद आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।
जमीन और मकान के लालच में रची हत्या की साजिश
पुलिस के अनुसार रामबाई राजपूत के पति का एक वर्ष पूर्व निधन हो चुका था और उनकी कोई संतान नहीं थी। उनके नाम पर लगभग 8 एकड़ कृषि भूमि और एक मकान था। इसी संपत्ति को हासिल करने के लालच में आरोपी ने हत्या की योजना बनाई।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी बुआ अन्य भतीजों को समय-समय पर आर्थिक सहायता देती थीं, लेकिन उसे कोई मदद नहीं करती थीं। इस बात को लेकर वह लंबे समय से नाराज था और उसके मन में ईर्ष्या और गुस्सा बढ़ता गया। आखिरकार उसने हत्या की साजिश रच डाली।
अंधेरे का फायदा उठाकर घर में घुसा
वारदात की रात आरोपी चोरी-छिपे बागड़ कूदकर घर के आंगन में पहुंचा और अंधेरे का फायदा उठाकर अंदर घुस गया। इसके बाद उसने रामबाई राजपूत की हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।
पुलिस पर लगाए झूठे आरोप, फिर कबूल किया जुर्म
मामले की जांच के दौरान आरोपी ने खुद को बचाने के लिए पुलिस पर झूठे आरोप भी लगाए। उसने दावा किया था कि पुलिस उसे झूठे मामले में फंसा रही है। इस दौरान पुलिस को जांच को लेकर आलोचना और बदनामी भी झेलनी पड़ी।
हालांकि पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, पूछताछ और घटनास्थल से मिले सुरागों के आधार पर जांच जारी रखी।आखिरकार सबूतों के सामने आरोपी टूट गया और उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।
न्यायालय में पेश, भेजा गया जेल
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी राकेश राजपूत को गुरुवार को न्यायालय में पेश किया। जहां से न्यायालय ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजने के आदेश दिए।
रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना
यह मामला बताता है कि संपत्ति और लालच किस तरह रिश्तों को भी खत्म कर सकता है। जिस बुआ ने परिवार को संभाला, उसी की हत्या उसके सगे भतीजे ने जमीन और नाराजगी के चलते कर दी। माखननगर पुलिस की सतर्क जांच से इस अंधी हत्या का खुलासा हो सका और आरोपी कानून के शिकंजे में पहुंच गया।