कतिया समाज ने मेधावी प्रतिभाओं का किया भव्य सम्मान, 100 से अधिक छात्र-छात्राओं को मिला सम्मान


नर्मदापुरम। जिला कतिया समाज संगठन, नर्मदापुरम (पंजीयन क्रमांक 10277) द्वारा स्थानीय होटल साईं कृष्णा (डबल फाटक के पास) में जिले की मेधावी प्रतिभाओं के सम्मान में भव्य समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कक्षा 10वीं और 12वीं की परीक्षा में 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों, विभिन्न शासकीय सेवाओं में चयनित युवक-युवतियों, तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभाशाली युवाओं सहित समाज के वरिष्ठ समाजसेवियों का सम्मान किया गया।
समारोह में करीब 100 मेधावी प्रतिभाओं को पुष्पमाला, मेडल, प्रशस्ति-पत्र, उपयोगी स्टेशनरी सामग्री तथा शॉल-श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह में पिपरिया विधायक ठाकुरदास नागवंशी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ समाज के आराध्य संत श्री भूरा भगत जी महाराज के पूजन-अर्चन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष प्रदीप आम्रवंशी ने की। समारोह में प्रांतीय कोषाध्यक्ष एस.एल. शिवाजी सहित अनेक पदाधिकारी एवं समाज के वरिष्ठजन मौजूद रहे।
इस अवसर पर जिले की नौ उपसमितियों से आए लगभग 300 से अधिक समाजजन, मातृशक्ति, अभिभावक और विद्यार्थी शामिल हुए। कार्यक्रम में एमबीबीएस, इंजीनियरिंग, नीट, पोस्टमास्टर सहित विभिन्न प्रतिष्ठित क्षेत्रों में चयनित युवाओं को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक ठाकुरदास नागवंशी, राष्ट्रीय महासचिव के.एल. ब्रम्हवंशी, प्रांतीय कोषाध्यक्ष एस.एल. शिवाजी, प्रांतीय प्रवक्ता मुकुलकांत सोनिया, जिला अध्यक्ष प्रदीप आम्रवंशी, जिला संयोजिका रानी आम्रवंशी, जनपद सदस्य राधा पंवार सहित अन्य वक्ताओं ने विद्यार्थियों को शिक्षा, अनुशासन और निरंतर मेहनत के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में समाज के डॉक्टर, प्रोफेसर, वैज्ञानिक, इंजीनियर और विभिन्न तकनीकी क्षेत्रों में सेवाएं दे रहे विशेषज्ञों ने भी विद्यार्थियों के साथ अपने अनुभव साझा किए और उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के लिए मार्गदर्शन दिया।
समारोह के दौरान सभी अतिथियों एवं समाजजनों के लिए पौष्टिक नाश्ते और भोजन की भी उत्कृष्ट व्यवस्था की गई। कार्यक्रम का संचालन प्रदीप आरसे (पप्पू भैया) ने किया, जबकि अंत में जिला अध्यक्ष प्रदीप आम्रवंशी ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
जिला कतिया समाज संगठन ने प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी मेधावी प्रतिभाओं को सम्मानित कर शिक्षा के प्रति समाज की प्रतिबद्धता को मजबूत किया। उपस्थित समाजजनों ने आयोजन की भव्यता और व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए इसे समाज के युवाओं को प्रोत्साहित करने की प्रेरणादायक पहल बताया।