भोपाल में पत्रकार फाउंडेशन का तीन दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शुरू, व्यक्तित्व विकास और नेतृत्व क्षमता पर होगा मंथन


भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित वाल्मी (जल एवं भूमि प्रबंधन संस्थान) परिसर में सोमवार से पत्रकार फाउंडेशन का तीन दिवसीय आवासीय (रेसीडेंशियल) प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ हुआ। राज्य आनंद विभाग, मध्यप्रदेश शासन के सहयोग से आयोजित इस प्रशिक्षण में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए करीब 60 पत्रकार एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। पहले दिन प्रतिभागियों को व्यक्तित्व विकास, सकारात्मक सोच, नेतृत्व क्षमता, संवाद कौशल, सामाजिक सरोकार और आनंदमय जीवन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों ने मार्गदर्शन दिया।
कार्यक्रम में ट्रेनर अधिकारी अजित कुमार महतो (डायरेक्टर), सुनैना दुबे, हितेन्द्र बुधौलिया, वर्ना श्रीवास्तव, पुष्पा अटूट एवं कपिल रघुवंशी ने विभिन्न प्रशिक्षण सत्रों का संचालन किया। विशेषज्ञों ने संवादात्मक गतिविधियों और व्यवहारिक अभ्यासों के माध्यम से प्रतिभागियों को प्रभावी नेतृत्व, टीमवर्क और सकारात्मक कार्यशैली के गुर सिखाए।

आयोजकों ने बताया कि तीन दिवसीय इस आवासीय प्रशिक्षण का उद्देश्य पत्रकारों और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े प्रतिभागियों में सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना, आपसी समन्वय को मजबूत करना तथा समाजहित में प्रभावी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करना है। प्रशिक्षण के दौरान अनुभवों का आदान-प्रदान, व्यवहारिक ज्ञान और टीम भावना को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
कार्यक्रम में पत्रकार फाउंडेशन के संयोजक ताराचंद्र पटेल सहित वरिष्ठ पत्रकार मकसूद खान, संजय गुप्ता, उमेश पाली, विष्णु विश्वकर्मा, अमित कुमार, हेमराज विश्वकर्मा, तुलसीराम लोधी, दीपक शर्मा, शिवम श्रीवास्तव, हरिशंकर पारासर, राजा सूर्यवंशी, अजय कुमार तथा प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए अनेक पत्रकारों ने सहभागिता की।
आयोजकों के अनुसार प्रशिक्षण के आगामी दो दिनों में प्रतिभागियों को नेतृत्व विकास, सामाजिक उत्तरदायित्व, प्रभावी संचार, तनाव प्रबंधन और सामूहिक कार्य संस्कृति जैसे विषयों पर भी विस्तृत प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि वे अपने पेशेवर और सामाजिक दायित्वों का अधिक प्रभावी ढंग से निर्वहन कर सकें।