
माखननगर | चीलाचौंन स्थित एकलव्य एग्रो केयर एवं वेयरहाउस से करीब 10 हजार बोरी मूंग गायब होने के मामले में प्रस्तावित जांच प्रशासनिक अधिकारी के मौके पर नहीं पहुंचने के कारण नहीं हो सकी। जांच टीम के इंतजार में वेयरहाउस परिसर में दिनभर असमंजस की स्थिति बनी रही।
सूत्रों के अनुसार, मूंग की कमी को लेकर एमपी वेयरहाउसिंग एंड लॉजिस्टिक कॉरपोरेशन, शाखा माखननगर एवं प्रशासनिक अमले की संयुक्त जांच प्रस्तावित थी। लेकिन तय समय पर संबंधित प्रशासनिक अधिकारी के उपस्थित नहीं होने के चलते जांच प्रक्रिया शुरू नहीं हो पाई।
आज हो सकती है जांच
विभागीय सूत्रों का कहना है कि अब यह जांच आज होने की संभावना है। प्रशासनिक अधिकारी की उपलब्धता के बाद भौतिक सत्यापन, दस्तावेजों की जांच और पंचनामा की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
अब भी कायम हैं सवाल
करोड़ों रुपये मूल्य की मूंग के गायब होने के मामले में जांच का टलना कई सवाल खड़े कर रहा है। स्थानीय स्तर पर यह चर्चा बनी हुई है कि जब मामला इतना गंभीर है, तो जांच में देरी क्यों हो रही है।
निगाहें जांच पर टिकीं
फिलहाल किसान, वेयरहाउस प्रबंधन और स्थानीय लोग सभी इस बात पर नजर बनाए हुए हैं कि जांच कब शुरू होती है और उसमें क्या तथ्य सामने आते हैं। जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।