आधुनिक बागवानी तकनीकों से बढ़ाएं फलों का उत्पादन, मखाना प्रोसेसिंग पर भी दें जोर : कलेक्टर सोमेश मिश्रा

नर्मदापुरम जिले में बागवानी और फल उत्पादन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने एमपी एग्रो के मोसंबी फार्म एवं मखाना उत्पादन क्षेत्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मोसंबी उत्पादन, पौधों की देखरेख, सिंचाई व्यवस्था और कृषि संबंधी विभिन्न गतिविधियों का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आधुनिक तकनीकों के अधिकाधिक उपयोग के निर्देश दिए।


कलेक्टर ने मोसंबी उद्यान का अवलोकन करते हुए उपसंचालक उद्यान विभाग श्रीमती रीता उईके को नई फल किस्मों के उत्पादन के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नवाचार आधारित बागवानी गतिविधियों को बढ़ावा देकर किसानों को उन्नत खेती के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए।


अधिकारियों ने बताया कि फार्म में ब्राजिलियन सीडलेस मोसंबी की खेती की जा रही है। लगभग दो एकड़ क्षेत्र में 666 पौधे लगाए गए हैं, जिनकी आयु करीब दो वर्ष हो चुकी है और तीन वर्ष बाद उत्पादन शुरू होने की संभावना है। कलेक्टर ने ड्रिप सिंचाई प्रणाली की सराहना करते हुए पौधों को कीट एवं रोगों से सुरक्षित रखने के लिए नियमित निगरानी और वैज्ञानिक प्रबंधन पर जोर दिया।


मखाना उत्पादन के साथ प्रोसेसिंग पर भी फोकस


निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने मखाना उत्पादन के लिए विकसित तालाब और बीज उत्पादन गतिविधियों का भी अवलोकन किया। उन्होंने निर्देश दिए कि केवल बीज उत्पादन तक सीमित न रहकर मखाना प्रसंस्करण (प्रोसेसिंग) की दिशा में भी ठोस प्रयास किए जाएं, ताकि नर्मदापुरम जिले की पहचान मखाना उत्पादन एवं प्रोसेसिंग केंद्र के रूप में स्थापित हो सके।


उन्होंने कहा कि बिहार के दरभंगा स्थित मखाना अनुसंधान केंद्र से प्रशिक्षण प्राप्त किसानों को मखाना प्रसंस्करण और विपणन का भी प्रशिक्षण दिया जाए, जिससे जिले में मखाना आधारित उद्योगों और रोजगार के अवसरों का विस्तार हो सके।


ड्रैगन फ्रूट खेती को मिलेगा बढ़ावा
अधिकारियों ने जानकारी दी कि एमपी एग्रो फार्म में ड्रैगन फ्रूट की खेती शुरू करने के लिए कार्ययोजना तैयार की जा रही है। इस पर कलेक्टर ने कहा कि ड्रैगन फ्रूट जैसी उच्च मूल्य वाली फसलें किसानों की आय बढ़ाने में सहायक साबित होंगी और जिले में फल फसलों का विविधीकरण भी होगा। उन्होंने परियोजना को शीघ्र अमल में लाने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।


निरीक्षण के दौरान उपसंचालक उद्यान श्रीमती रीता उईके, तहसीलदार माखननगर  महेंद्र चौहान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

image_pdfimage_print

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!