
बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर’ बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन कर रही है। फिल्म अब तक दुनियाभर से 1272 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार कर चुकी है, जिससे यह साल की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्मों में शामिल हो गई है। फिल्म की जबरदस्त सफलता के बाद इसके दूसरे पार्ट को 19 मार्च को रिलीज करने की तैयारी है। निर्देशक आदित्य धर फिलहाल इसके ट्रेलर पर काम शुरू कर चुके हैं।
इस बीच रणवीर सिंह की अगली फिल्म को लेकर भी बड़ा अपडेट सामने आया है। उनकी अपकमिंग फिल्म ‘प्रलय’ होगी, जिसमें उनके अपोजिट ‘लोका’ फेम एक्ट्रेस कल्याणी प्रियदर्शन नजर आएंगी। बताया जा रहा है कि रणवीर ने फरहान अख्तर की ‘डॉन 3’ के बजाय ‘प्रलय’ को अपनी प्राथमिकता दी, जिसके बाद उन्होंने डॉन फ्रेंचाइजी से किनारा कर लिया।
रणवीर सिंह के फिल्म छोड़ने के बाद ‘डॉन 3’ के लिए कई बड़े नामों पर चर्चा हुई। यहां तक कि ऋतिक रोशन को लीड रोल में लिए जाने की अटकलें भी सामने आईं, लेकिन इन खबरों पर अब विराम लग गया है। इसी बीच फिल्म को लेकर शाहरुख खान की एंट्री पर एक बड़ा और ठोस अपडेट सामने आया है।
शाहरुख खान की ‘डॉन’ में वापसी?
पहले यह चर्चा थी कि ‘डॉन 3’ में शाहरुख खान और अमिताभ बच्चन का कैमियो हो सकता है, लेकिन अब खबरें हैं कि किंग खान अपने आइकॉनिक डॉन किरदार में पूरी तरह वापसी करने को तैयार हैं। हालांकि इसके लिए उन्होंने मेकर्स के सामने एक बड़ी शर्त रख दी है।
शाहरुख खान ने रखी यह शर्त
टेलीचक्कर की एक रिपोर्ट के मुताबिक, शाहरुख खान ने फरहान अख्तर से साफ कहा है कि वह फिल्म में तभी शामिल होंगे, जब ‘जवान’ के 1000 करोड़ क्लब वाले डायरेक्टर एटली को इस फ्रेंचाइजी से जोड़ा जाएगा। शाहरुख का मानना है कि एटली के जुड़ने से फिल्म का स्केल और मेगा होगा और दर्शकों के बीच जबरदस्त बज क्रिएट होगा। फिलहाल मेकर्स की ओर से इस पर कोई आधिकारिक फैसला नहीं लिया गया है।
गौरतलब है कि ‘डॉन’ फ्रेंचाइजी की पहली दोनों फिल्मों में शाहरुख खान ने मुख्य भूमिका निभाई थी और उनके किरदार को दर्शकों ने खूब पसंद किया था। जब ‘डॉन 3’ में रणवीर सिंह की एंट्री की खबर आई थी, तभी से फैंस शाहरुख खान की वापसी की मांग कर रहे थे।
रणवीर सिंह ने क्यों छोड़ी ‘डॉन 3’?
सूत्रों के मुताबिक, ‘धुरंधर’ की बंपर सफलता के बाद रणवीर सिंह अब अपने करियर को नई दिशा देना चाहते हैं। वह संजय लीला भंसाली, लोकेश कनगराज और एटली जैसे बड़े फिल्ममेकर्स के साथ काम करने के इच्छुक हैं। इसके अलावा, रणवीर फिलहाल गैंगस्टर बेस्ड फिल्मों से दूरी बनाना चाहते हैं और कुछ नया एक्सप्लोर करना चाहते हैं। चूंकि ‘प्रलय’ को वह खुद प्रोड्यूस भी कर रहे हैं, इसलिए उनका पूरा फोकस इसी प्रोजेक्ट पर है।
अब देखना दिलचस्प होगा कि फरहान अख्तर शाहरुख खान की शर्त मानते हैं या नहीं, और क्या वाकई दर्शकों को एक बार फिर किंग खान का ‘डॉन’ अवतार बड़े पर्दे पर देखने को मिलेगा।