जिले के 76 परीक्षा केंद्रों पर प्रारंभ हुई हायर सेकेंडरी बोर्ड परीक्षा

10,294 विद्यार्थियों ने दिया अंग्रेजी का पेपर, 107 रहे अनुपस्थित

नर्मदापुरम | जिले में मंगलवार को माध्यमिक शिक्षा मंडल की हायर सेकेंडरी (कक्षा 12वीं) बोर्ड परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से प्रारंभ हुई। परीक्षा के प्रथम दिवस विद्यार्थियों ने अंग्रेजी विषय का प्रश्नपत्र हल किया। जिले भर में बनाए गए 76 परीक्षा केंद्रों पर केंद्राध्यक्ष एवं सहायक केंद्राध्यक्षों की उपस्थिति में परीक्षा आयोजित की गई।


परीक्षा के दौरान नकल अथवा अनुचित साधनों का कोई भी प्रकरण सामने नहीं आया। प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में पंजीकृत कुल 10,401 विद्यार्थियों में से 10,294 परीक्षार्थियों ने परीक्षा में सहभागिता की, जबकि 107 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे।


कक्षा 12वीं के कुल 9,437 नियमित परीक्षार्थियों में से 9,392 उपस्थित एवं 45 अनुपस्थित रहे। वहीं 964 स्वाध्यायी परीक्षार्थियों में से 902 उपस्थित तथा 62 अनुपस्थित पाए गए। जिले में पंजीकृत एक दिव्यांग परीक्षार्थी ने भी परीक्षा में शामिल होकर प्रश्नपत्र हल किया।


विकासखंडवार उपस्थिति इस प्रकार रही


नर्मदापुरम विकासखंड में पंजीकृत 3,191 विद्यार्थियों में से 3,156 उपस्थित एवं 35 अनुपस्थित रहे।
माखननगर विकासखंड में 919 में से 914 उपस्थित तथा 5 अनुपस्थित रहे।
सोहागपुर विकासखंड में 1,294 में से 1,277 उपस्थित एवं 17 अनुपस्थित रहे।
पिपरिया विकासखंड में 1,645 में से 1,633 उपस्थित एवं 12 अनुपस्थित रहे।
बनखेड़ी विकासखंड में 992 में से 982 उपस्थित तथा 10 अनुपस्थित रहे।
केसला विकासखंड में 746 में से 739 उपस्थित एवं 7 अनुपस्थित रहे।
सिवनी मालवा विकासखंड में 1,614 में से 1,593 उपस्थित तथा 21 अनुपस्थित रहे।


परीक्षा के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के लिए सभी अनुविभागीय अधिकारियों द्वारा परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया गया। वहीं गठित फ्लाइंग स्क्वॉड द्वारा परीक्षा अवधि के दौरान सतत निगरानी रखी गई।


शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आगामी परीक्षा दिवसों में भी परीक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जाएगी, ताकि परीक्षाएं पूरी पारदर्शिता एवं अनुशासन के साथ संपन्न हो सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!