ग्वालियर। ग्वालियर जिले में एक शादी की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब पड़ोसियों ने शराब के लिए पैसे नहीं मिलने पर पूरे परिवार पर हमला बोल दिया। घटना में दूल्हे की मां, अन्य परिजन और यहां तक कि नई नवेली दुल्हन भी मारपीट का शिकार हुई। आरोप है कि हमलावर घर से सामान और नकदी भी ले गए। पीड़ित परिवार अब पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगा रहा है।
जानकारी के अनुसार ग्वालियर देहात के आरोन थाना क्षेत्र के पटाई गांव निवासी महेश जाटव की 30 मार्च को शादी हुई थी। शादी के बाद महेश अपनी दुल्हन को घर लेकर आया, जहां परिवार और मेहमानों के साथ खुशियों का माहौल था। रात में सभी लोग भोजन कर रहे थे, तभी गांव के ही कुछ लोग वहां पहुंचे और शराब पीने के लिए पैसे की मांग करने लगे।
परिवार द्वारा पैसे देने से इनकार करने पर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि मनोज जाटव, हरनाम, भीम और नवल किशोर जाटव ने गाली-गलौज करते हुए अचानक हमला कर दिया। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि दूल्हे की मां शीला जाटव जब बीच-बचाव करने आईं तो उनके साथ भी मारपीट की गई। इस दौरान घर में आई नई दुल्हन को भी नहीं बख्शा गया और उसके साथ भी मारपीट की गई।
ये भी पढ़ें: ईरान-इजराइल तनाव का असर: भारत में प्रीमियम पेट्रोल-डीजल महंगा, दूसरी बार बढ़े दाम
घटना के बाद माहौल पूरी तरह तनावपूर्ण हो गया। आरोप है कि हमलावर घर में रखा घरेलू सामान और नकदी भी अपने साथ ले गए। इस दौरान शादी में मौजूद मेहमानों ने भी विरोध किया, जिससे दोनों पक्षों के बीच झड़प और बढ़ गई।
घटना के बाद पीड़ित परिवार की ओर से दूल्हे की मां शीला जाटव परिवार सहित पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचीं और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। मामले को लेकर पुलिस ने भी सक्रियता दिखाई है।
इस संबंध में सीएसपी मनीष यादव ने बताया कि पटाई गांव में शादी वाले परिवार और पड़ोसियों के बीच शराब के पैसे को लेकर विवाद हुआ था, जो बाद में मारपीट में बदल गया। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों से आवेदन प्राप्त हुए हैं, घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
इस घटना ने एक बार फिर सामाजिक ताने-बाने पर सवाल खड़े कर दिए हैं, जहां छोटी-छोटी बातों पर हिंसा की घटनाएं सामने आ रही हैं और खुशियों के मौके भी विवाद का कारण बनते जा रहे हैं।