
माखन नगर | सोहागपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम प्रेमतला में अल्वी बाबा जनकल्याण समिति के तत्वावधान में एक भव्य सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन किया गया। सामाजिक सौहार्द और भाईचारे का संदेश देने वाले इस आयोजन में कुल 33 जोड़े विवाह बंधन में बंधे, जिनमें 27 हिंदू जोड़ों का वैदिक रीति-रिवाज से विवाह तथा 6 मुस्लिम जोड़ों का इस्लामिक परंपरा अनुसार निकाह संपन्न कराया गया।
विवाह कार्यक्रम गुरुवार को आयोजित हुआ, जो शाम करीब 6 बजे तक चला। हिंदू जोड़ों का विवाह गायत्री परिवार द्वारा वैदिक विधि-विधान एवं मंत्रोच्चारण के साथ संपन्न कराया गया, जहां पारंपरिक रीति-रिवाजों के बीच सभी जोड़ों ने सात फेरे लेकर दांपत्य जीवन की शुरुआत की। वहीं मुस्लिम जोड़ों का निकाह इस्लामिक परंपराओं के अनुरूप शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक विजयपाल सिंह एवं पूर्व विधायक श्रीमती सविता दीवान शर्मा उपस्थित रहीं। अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए अल्वी बाबा जनकल्याण समिति के इस सामाजिक सरोकार की सराहना की। उन्होंने कहा कि सामूहिक विवाह जैसे आयोजन जरूरतमंद परिवारों के लिए आर्थिक संबल बनते हैं और समाज में आपसी सद्भाव एवं एकता को मजबूत करते हैं।
समिति की ओर से सभी 33 नवदंपतियों को पांच प्रकार के जेवर एवं गृहस्थी का संपूर्ण आवश्यक सामान भेंट किया गया, जिससे उन्हें नए जीवन की शुरुआत में महत्वपूर्ण सहयोग मिला। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं समाजसेवी उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान उत्साह, उल्लास और सामाजिक एकता का वातावरण बना रहा।
समिति पदाधिकारियों ने बताया कि भविष्य में भी इसी प्रकार के जनकल्याणकारी एवं सामाजिक कार्य निरंतर जारी रखे जाएंगे।
