
माखननगर | मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री माननीय डॉ. मोहन यादव के माखननगर प्रवास के दौरान शासकीय महाविद्यालय माखननगर में नवीन भवन निर्माण हेतु 5 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत कराए जाने पर सोहागपुर विधायक माननीय ठाकुर विजयपाल सिंह के सम्मान एवं आभार व्यक्त करने के उद्देश्य से श्री माखनलाल चतुर्वेदी शासकीय महाविद्यालय माखननगर में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
मुख्य अतिथि के आगमन पर एनसीसी कैडेट्स द्वारा पग मार्च करते हुए उन्हें मुख्य द्वार से कार्यक्रम स्थल तक लाया गया। इस दौरान डॉ. राजकुमार पटवा के नेतृत्व में स्पोर्ट्स विभाग एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के छात्र-छात्राओं द्वारा पुष्पवर्षा कर आत्मीय स्वागत किया गया।
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के नवनिर्मित कक्षों का फीता काटकर औपचारिक शुभारंभ किया गया।
सम्मान समारोह के अंतर्गत स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ द्वारा संचालित स्वरोजगार उन्मुख अल्पावधि कार्यक्रम के तहत लगाई गई प्रदर्शनी का भी मुख्य अतिथि द्वारा अवलोकन किया गया, जिसमें डॉ. क्षमा मेहरा की विशेष भूमिका रही। वहीं राष्ट्रीय सेवा योजना के माध्यम से महाविद्यालय परिसर में पारिजात पौधे का रोपण रासेयो कार्यक्रम अधिकारी डॉ. कविता दुबे द्वारा प्राचार्य की उपस्थिति में कराया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत महाविद्यालय की छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना के साथ की गई। स्वागत उद्बोधन में महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. नीता चौबे ने संस्था की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत करते हुए विगत वर्षों के परीक्षा परिणाम, संचालित पाठ्यक्रम, स्पोर्ट्स विभाग, एनसीसी, एनएसएस गतिविधियां तथा प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल विद्यार्थियों का उल्लेख किया। साथ ही महाविद्यालय की आवश्यक मांगों को भी मंच के माध्यम से रखा गया।

इसके पश्चात सम्मान पत्र का वाचन करते हुए महाविद्यालय के क्रीड़ा अधिकारी डॉ. राजकुमार पटवा द्वारा विधायक विजयपाल सिंह का साफा बांधकर एवं गजमाला पहनाकर सम्मान किया गया।
अपने उद्बोधन में विधायक विजयपाल सिंह ने कहा कि शिक्षा के विकास के लिए वे सदैव प्रतिबद्ध हैं और शीघ्र ही महाविद्यालय को नवीन भवन की सौगात दी जाएगी। उन्होंने छात्राओं के लिए छात्रावास, ओपन जिम, खेल मैदान सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का भी आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सम्मान पाना हमारा उद्देश्य नहीं, बल्कि निरंतर जनहित में अच्छे कार्य करना हमारा लक्ष्य है।
इस अवसर पर जनभागीदारी समिति अध्यक्ष सुरेश अग्रवाल, भाजपा जिला उपाध्यक्ष निखिलेश चतुर्वेदी, मंडल अध्यक्ष मनीष चतुर्वेदी, अजीत सेठी, महेश खंडेलवाल, इंदर सिंह राजपूत, सुरेंद्र मालवीय, देवी सिंह राजपूत, गोलू मिश्र, मोंटू अग्रवाल, भवानी सिंह परिहार, अमित गोलछा, अंसुल मालवीय सहित जनभागीदारी समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
महाविद्यालय परिवार की ओर से प्रो. डी.एस. खत्री, डॉ. अमिताभ शुक्ला, डॉ. मनीष शर्मा, अजय मेहरा, अमित तिवारी, प्रो. पंकज बैरवा, डॉ. आकांक्षा यादव सहित समस्त स्टाफ की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. धर्मेंद्र सिंह चौहान द्वारा किया गया, जबकि अंत में लेफ्टिनेंट डॉ. आई.एस. कनेश ने आभार प्रदर्शन किया।