
नर्मदापुरम। माखन नगर में नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 की शुरुआत उत्साह और उल्लास के साथ हुई। शासन के निर्देशानुसार क्षेत्र के शासकीय विद्यालयों में प्रवेश उत्सव कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां नवीन प्रवेशित विद्यार्थियों का पारंपरिक तरीके से तिलक लगाकर, फूलमालाओं से स्वागत किया गया और उन्हें निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें वितरित की गईं।
स्थानीय शासकीय सांदीपनि विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में तहसीलदार महेंद्र सिंह चौहान मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर कठोर परिश्रम करने की प्रेरणा दी। इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष मनीष चतुर्वेदी ने बच्चों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए अपने परिवार, विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करने के लिए प्रोत्साहित किया। नगर पंचायत पार्षद निरंजना रावत ने विद्यार्थियों को विद्यालय में उपलब्ध बेहतर सुविधाओं और अनुभवी शिक्षकों से मिलने वाली शिक्षा का लाभ उठाकर जीवन में सफलता प्राप्त करने की सीख दी।
सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी एडमायरसन क्रैग ने विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर मिलने वाली शासकीय योजनाओं जैसे स्कूटी और लैपटॉप की जानकारी दी। साथ ही उन्होंने खेलों में बेहतर प्रदर्शन कर शासकीय सेवाओं में करियर बनाने के अवसरों पर भी प्रकाश डाला। वरिष्ठ व्याख्याता सपना गौर ने विद्यालय में उपलब्ध बस सुविधा, मध्यान्ह भोजन और अन्य व्यवस्थाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन उर्सुला बल्लाल ने किया, जबकि प्राचार्य केके दुबे ने सभी अतिथियों और अभिभावकों का आभार व्यक्त किया।

इसी क्रम में पीएम श्री शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, माखन नगर में भी प्रवेश उत्सव 2026 बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक विजयपाल सिंह उपस्थित रहे। उनके साथ जनपद अध्यक्ष सावित्री बाई परनामे, जिला उपाध्यक्ष भाजपा निखिलेश चतुर्वेदी, मंडल अध्यक्ष मनीष चतुर्वेदी, पार्षद रूकमणी साहू, मंडल महामंत्री संजय अग्रवाल, जनप्रतिनिधि सुरेन्द्र मालवीय, सुरेश यादव, विकासखंड शिक्षा अधिकारी सुषमा पीपरे सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और अभिभावक मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की पूजा-अर्चना से हुई, जिसके बाद छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। अतिथियों ने विद्यार्थियों का तिलक लगाकर, माला पहनाकर और पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। इस दौरान बच्चों को निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें वितरित की गईं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
नए सत्र के अवसर पर विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व के बारे में बताया गया और उन्हें निरंतर मेहनत कर सफलता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों को मिष्ठान वितरण किया गया, जबकि कक्षा 4 से 8 तक के बच्चों के लिए विशेष भोज का भी आयोजन किया गया।
इस पूरे आयोजन ने न केवल नए सत्र की सकारात्मक शुरुआत की, बल्कि विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों के बीच उत्साह और विश्वास का माहौल भी मजबूत किया।