माखननगर में रोजगार का मौका: वर्धमान टेक्सटाइल कैंपस में 155 पंजीयन, 15 अभ्यर्थियों का अंतिम चयन

माखननगर। श्री माखनलाल चतुर्वेदी शासकीय महाविद्यालय, माखननगर में युवाओं को रोजगार से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल देखने को मिली। वर्धमान टेक्सटाइल कंपनी द्वारा महाविद्यालय परिसर में कैंपस चयन प्रक्रिया का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।

कार्यक्रम में प्राचार्य डॉ. नीता चौबे एवं मंडल अध्यक्ष मनीष चतुर्वेदी की उपस्थिति रही। क्षेत्रीय विधायक ठाकुर विजयपाल सिंह के सतत प्रयासों के चलते महाविद्यालय में समय-समय पर रोजगार मेलों और कैंपस प्लेसमेंट का आयोजन किया जा रहा है, जिससे स्थानीय युवाओं को बेहतर अवसर मिल रहे हैं।

कैंपस ड्राइव में वर्धमान टेक्सटाइल की टीम के प्रतिनिधि के रूप में अजय मालवीय, विजय चौहान और मनोज यादव उपस्थित रहे। उन्होंने अभ्यर्थियों को कंपनी की कार्यप्रणाली, विभिन्न पदों और रोजगार संभावनाओं की विस्तृत जानकारी दी।

इस चयन प्रक्रिया में कुल 155 अभ्यर्थियों ने पंजीयन कराया, जिनमें से प्रारंभिक चरण में 30 अभ्यर्थियों का चयन किया गया। इसके बाद अंतिम चरण में 15 अभ्यर्थियों को कंपनी में नियुक्ति के लिए चुना गया।

महाविद्यालय के स्वामी विवेकानंद करियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ की प्रभारी डॉ. क्षमा मेहरा ने बताया कि ऐसे आयोजनों का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को सीधे रोजगार से जोड़ना और उनके भविष्य को संवारना है। उन्होंने बताया कि प्रतिवर्ष इस प्रकार के रोजगार मेले और कैंपस चयन आयोजित किए जाते हैं।

कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. मनीष शर्मा ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन डॉ. धर्मेंद्र सिंह चौहान द्वारा किया गया।

स्थानीय युवाओं के लिए उम्मीद की नई किरण
इस तरह के आयोजनों से न केवल युवाओं को रोजगार के अवसर मिलते हैं, बल्कि क्षेत्र के विकास को भी नई दिशा मिलती है। महाविद्यालय में हुए इस कैंपस चयन ने कई परिवारों के लिए रोजगार की उम्मीद जगाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!