वाहन भत्ते पर फूटा कर्मचारियों का गुस्सा! माखन नगर से भोपाल तक उठी आवाज, फेडरेशन ने एमडी को लिखा पत्र

Ai image

माखन नगर/भोपाल। मध्यप्रदेश वेयरहाउसिंग एवं लॉजिस्टिक्स कॉर्पोरेशन में कार्यरत अतिरिक्त चौकीदारों (श्रमिकों) को वाहन भत्ता (TA) के भुगतान को लेकर कर्मचारियों में असंतोष गहराता जा रहा है। अब इस मुद्दे ने प्रदेश स्तर पर तूल पकड़ लिया है। सेवी गवर्नमेंट एम्प्लाइज फेडरेशन, मध्यप्रदेश ने प्रबंध संचालक को पत्र लिखकर आरोप लगाया है कि कई शाखाओं में कर्मचारियों को आने-जाने का वाहन भत्ता या तो आधा दिया जा रहा है या फिर बिल्कुल नहीं मिल रहा।


फेडरेशन के संयोजक अनिल बाजपेयी द्वारा भेजे गए पत्र में कहा गया है कि कई गोदाम शाखा कार्यालय से 20 से 25 किलोमीटर दूर स्थित हैं। ऐसे में श्रमिकों और चौकीदारों को नियमित रूप से लंबी दूरी तय करनी पड़ती है, लेकिन इसके बावजूद उन्हें वास्तविक यात्रा व्यय का भुगतान नहीं हो रहा। फेडरेशन ने मांग की है कि वाहन भत्ते का भुगतान इम्प्रेस्ट के माध्यम से करने के बजाय अलग से कर्मचारियों के बैंक खातों में किया जाए, ताकि पूरी राशि सीधे उन्हें मिल सके।

माखन नगर में पहले ही हो चुका है विरोध

वाहन भत्ते का विवाद केवल पत्राचार तक सीमित नहीं है। 24 जून 2026 को माखन नगर शाखा में भी कर्मचारियों ने TA नहीं मिलने के विरोध में फील्ड पर जाने से इनकार कर दिया था। कर्मचारियों का कहना था कि बिना यात्रा भत्ते के दूरस्थ गोदामों में निरीक्षण और अन्य कार्य करना आर्थिक रूप से संभव नहीं है। इस घटना के बाद विभागीय कार्य भी प्रभावित हुआ था।


अब प्रदेश स्तरीय संगठन द्वारा उठाए गए इस मुद्दे से स्पष्ट है कि यह समस्या किसी एक शाखा तक सीमित नहीं, बल्कि कई जिलों में कर्मचारियों के बीच असंतोष का कारण बनी हुई है।


बीमा राशि को लेकर भी उठाया सवाल
फेडरेशन ने अपने पत्र में वर्ष 2021 में कर्मचारियों से बीमा के नाम पर ली गई राशि का भी उल्लेख किया है और मांग की है कि कर्मचारियों के सामने पारदर्शी तरीके से बीमा की प्रक्रिया पूरी कराई जाए।


अब निगाहें प्रबंधन के फैसले पर
लगातार बढ़ते विरोध और संगठन के हस्तक्षेप के बाद अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि मध्यप्रदेश वेयरहाउसिंग एवं लॉजिस्टिक्स कॉर्पोरेशन प्रबंधन कर्मचारियों की इन मांगों पर क्या निर्णय लेता है। यदि वाहन भत्ते के भुगतान की व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में यह विवाद और व्यापक रूप ले सकता है।

image_pdfimage_print

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!