एयरबैग खुलने के बावजूद नहीं बच सकी जान, मौके पर ही तोड़ा दम

भोपाल। राजधानी में रविवार रात वीआईपी रोड पर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। एक KIA सेल्टोस कार खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
एयरबैग खुलने के बावजूद नहीं बची जान
हादसे में एयरबैग खुलने के बावजूद चालक की मौत हो गई। चश्मदीदों के अनुसार, युवक टक्कर के बाद लंबे समय तक कार में फंसा रहा। राहगीरों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद युवक को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक वह दम तोड़ चुका था।
मृतक की पहचान नहीं
पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए हमीदिया अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया गया है।