शासकीय महाविद्यालय माखननगर में दीक्षारंभ कार्यक्रम आयोजित, नवप्रवेशित विद्यार्थियों का हुआ आत्मीय स्वाग

माखननगर। मध्य प्रदेश शासन के उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार शासकीय महाविद्यालय माखननगर में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए दीक्षारंभ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. नीता चौबे के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ, जिसका उद्देश्य नए विद्यार्थियों को महाविद्यालय के शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक वातावरण से परिचित कराना तथा उनमें आत्मविश्वास का विकास करना था।


कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं वंदे मातरम् के साथ हुआ। मंच संचालन डॉ. धर्मेंद्र सिंह चौहान ने किया। मुख्य अतिथि समाजसेवी एवं पार्षद श्रीमती निरांजना दुबे ने कहा कि दीक्षारंभ कार्यक्रम नए विद्यार्थियों को महाविद्यालय के वातावरण में सहज बनाने, संस्थान की कार्यप्रणाली एवं संस्कृति से परिचित कराने तथा वरिष्ठ विद्यार्थियों के साथ सकारात्मक संवाद स्थापित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।


विशिष्ट अतिथि एवं महाविद्यालय जनभागीदारी समिति के सदस्य हर्ष तिवारी ने स्वयं को महाविद्यालय का पूर्व छात्र बताते हुए उपलब्ध शैक्षणिक एवं अन्य संसाधनों की जानकारी साझा की। इस अवसर पर वरिष्ठ विद्यार्थियों ने नवप्रवेशित छात्रों का तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत किया।


कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारी डॉ. अमिताभ शुक्ला ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 की प्रमुख विशेषताओं से विद्यार्थियों को अवगत कराया। डॉ. राजकुमार पटवा ने महाविद्यालय में उपलब्ध खेल सुविधाओं एवं खेल गतिविधियों की जानकारी दी, जबकि डॉ. मनीष शर्मा ने विज्ञान संकाय की प्रयोगशालाओं एवं संसाधनों का परिचय कराया।


ग्रंथपाल एवं प्रभारी प्राचार्य अजय मेहरा ने पुस्तकालय, ई-ग्रंथालय तथा शासन द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली नि:शुल्क स्टेशनरी की जानकारी दी। प्रो. शीतल वर्मा ने छात्रवृत्ति एवं अन्य शासकीय योजनाओं के बारे में बताया। डॉ. कविता दुबे ने राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की गतिविधियों एवं आवासीय शिविरों की जानकारी साझा की, वहीं डॉ. संगीता मिश्रा ने वाणिज्य संकाय में संचालित पाठ्यक्रमों की विस्तार से जानकारी दी।


कार्यक्रम के अंतर्गत नवप्रवेशित विद्यार्थियों को महाविद्यालय परिसर का भ्रमण भी कराया गया। इस दौरान उन्हें प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय, डिजिटल संसाधनों, खेल सुविधाओं, कैरियर परामर्श केंद्र तथा अन्य शैक्षणिक गतिविधियों से परिचित कराया गया। अंत में प्रो. शिवानी मालवीय ने विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!