कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने मोहासा औद्योगिक क्षेत्र का किया निरीक्षण

ग्रू सोलर एनर्जी प्लांट में सोलर मॉड्यूल निर्माण प्रक्रिया देखी, औद्योगिक निवेश और रोजगार बढ़ाने पर दिया जोर

नर्मदापुरम। कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने शुक्रवार को मोहासा औद्योगिक क्षेत्र का निरीक्षण कर वहां संचालित औद्योगिक इकाइयों की प्रगति, अधोसंरचना विकास एवं निवेश संबंधी गतिविधियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ग्रू सोलर एनर्जी प्लांट का भ्रमण कर सोलर फोटो वोल्टाइक मॉड्यूल निर्माण प्रक्रिया का अवलोकन किया और कंपनी की उत्पादन क्षमता, गुणवत्ता मानकों तथा भविष्य की विस्तार योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर मिश्रा उत्पादन क्षेत्र में पहुंचे, जहां उन्होंने तैयार किए जा रहे सोलर फोटो वोल्टाइक मॉड्यूल्स के निर्माण की विभिन्न प्रक्रियाओं को देखा। कंपनी के अधिकारियों ने उन्हें उत्पादन प्रणाली, तकनीकी व्यवस्थाओं और गुणवत्ता नियंत्रण संबंधी जानकारी दी। कलेक्टर ने प्लांट में सुरक्षा, स्वच्छता एवं कार्यस्थल की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया और बेहतर औद्योगिक वातावरण बनाए रखने के निर्देश दिए।

इसके बाद कलेक्टर ने संपूर्ण मोहासा औद्योगिक क्षेत्र का भ्रमण कर मध्यप्रदेश औद्योगिक विकास निगम (एमपीआईडीसी) के अधिकारियों से विभिन्न औद्योगिक इकाइयों की प्रगति, अधोसंरचना विकास, निवेश की स्थिति तथा प्रस्तावित नई इकाइयों की जानकारी ली। उन्होंने औद्योगिक विकास को गति देने और निवेशकों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

इस अवसर पर कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने कहा कि नर्मदापुरम जिला प्रदेश में नवकरणीय ऊर्जा (रिन्यूएबल एनर्जी) के क्षेत्र में तेजी से उभर रहा है। सौर ऊर्जा आधारित उद्योगों की स्थापना से जिले में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा मिलेगा, स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे तथा नर्मदापुरम प्रदेश के प्रमुख नवकरणीय ऊर्जा हब के रूप में अपनी पहचान स्थापित करेगा।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक साई कृष्ण एस. थोटा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हिमांशु जैन, एमपीआईडीसी के अधिकारी तथा जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। जिला प्रशासन का मानना है कि औद्योगिक क्षेत्र के नियमित निरीक्षण और निवेश को प्रोत्साहन देने से क्षेत्र में औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती प्राप्त होगी।

image_pdfimage_print

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!