रासेयो शिविर के चतुर्थ दिवस: नक्षत्र वाटिका में सफाई अभियान, थाना प्रभारी ने दिए यातायात के टिप्स

माखननगर: श्री माखनलाल चतुर्वेदी शासकीय महाविद्यालय, माखननगर की राष्ट्रीय सेवा योजना (रासेयो) की इकाई 01 एवं 02 द्वारा ग्राम गुजरवाड़ा में आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के चतुर्थ दिवस का आगाज ग्रामवासियों की सहभागिता से सुप्रभात रामफेरी के साथ हुआ।

प्राचार्य डॉ. नीता चौबे के मार्गदर्शन में चल रहे इस शिविर में स्वयंसेवकों ने दिन की शुरुआत प्रार्थना, योग, व्यायाम और ध्यान से की। इस दौरान स्वयंसेवकों ने दौड़, आसन और प्राणायाम किया।

परियोजना कार्य के तहत हुआ विशेष आयोजन


इस दिन का मुख्य आकर्षण ग्राम में स्थित विशाल नक्षत्र वाटिका का सफाई अभियान रहा। स्वयंसेवकों ने मिलकर पूरे परिसर की सफाई की। साथ ही, पॉलीथिन मुक्त भारत की अवधारणा को बढ़ावा देते हुए हाई स्कूल परिसर, आंगनवाड़ी केंद्र और मंदिर परिसर में पॉलीथिन के दुष्प्रभावों की जानकारी देकर इसे प्रतिबंधित करने का संदेश दिया।

जिला संघटक का औचक निरीक्षण


परियोजना कार्य के दौरान रासेयो के जिला संघटक प्रो. डी. एस. खत्री ने शिविर स्थल का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यों की रूपरेखा, शिविर स्थल, किचन भंडार गृह, महिला एवं पुरुष स्वयंसेवकों की आवासीय व्यवस्था (ग्राम पंचायत भवन एवं हाई स्कूल), सुलभ शौचालय, छात्र उपस्थिति, दैनिक दिनचर्या और पोषण आहार चार्ट की बारीकी से जानकारी ली। उन्होंने विगत तीन दिनों की गतिविधियों पर आधारित ‘शिविर दर्पण प्रदर्शनी’ का भी उद्घाटन किया।

इस अवसर पर प्रो. खत्री ने कहा, “अनुशासन ही हमारा ध्येय है और यही दिनचर्या आपको हमेशा बनाकर रखनी है।” उन्होंने स्वयंसेवकों की मेहनत की सराहना की और उन्हें प्रेरित किया।

बौद्धिक सत्र में पुलिस अधिकारी ने दिए महत्वपूर्ण टिप्स


बौद्धिक सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में माखननगर थाना प्रभारी  अशोक कुमार वरवड़े उपस्थित रहे। उन्होंने मां सरस्वती और स्वामी विवेकानंद के चित्र पर दीप प्रज्वलित एवं पुष्पांजलि अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।


अपने प्रेरक उद्बोधन में उन्होंने अपराध के प्रकार, उसके नियंत्रण के उपाय, बढ़ते साइबर क्राइम से बचाव और यातायात नियमों के पालन पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने युवाओं को अनुशासित जीवनशैली अपनाने और साइबर ठगी से सतर्क रहने की नसीहत दी।

अभिभावकों ने किया शिविर का निरीक्षण


इस अवसर पर कई स्वयंसेवकों के माता-पिता ने भी शिविर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और बच्चों के कार्यों की प्रशंसा करते हुए अपनी प्रसन्नता व्यक्त की।

कार्यक्रम का सफल संचालन नंदिनी प्रजापति ने किया तथा आभार प्रिया अहिरवार ने व्यक्त किया। इस दौरान कार्यक्रम अधिकारी डॉ. धर्मेंद्र सिंह चौहान, डॉ. कविता दुबे, डॉ. सुमन अवस्थी, डॉ. अदिति चौहान, अशोक पाटिल के साथ दलनायक स्वस्तिक रावत, दीक्षा अहिरवार एवं अन्य स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!