स्टेट बैंक स्थापना दिवस पर महाविद्यालय में करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित

असिस्टेंट बैंक मैनेजर रंजीत पटेल ने छात्रों को बैंकिंग करियर और प्रतियोगी परीक्षाओं की दी जानकारी

माखननगर । श्री माखनलाल चतुर्वेदी शासकीय महाविद्यालय, माखननगर के स्वामी विवेकानंद करियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ के तत्वावधान में सोमवार को स्टेट बैंक ऑफ इंडिया का स्थापना दिवस करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम के रूप में उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को बैंकिंग क्षेत्र में रोजगार के अवसरों तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के संबंध में उपयोगी जानकारी प्रदान करना था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के असिस्टेंट बैंक मैनेजर रंजीत पटेल ने विद्यार्थियों को बैंकिंग क्षेत्र में उपलब्ध करियर संभावनाओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्टेट बैंक में क्लर्क, प्रोबेशनरी ऑफिसर (पीओ) सहित विभिन्न पदों पर चयन के लिए आवश्यक योग्यता, परीक्षा पैटर्न और तैयारी की रणनीति क्या होनी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासन और सही मार्गदर्शन के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने की सलाह दी।
उन्होंने डिजिटल बैंकिंग, वित्तीय साक्षरता और विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी साझा करते हुए कहा कि बदलते समय में बैंकिंग क्षेत्र युवाओं के लिए रोजगार का एक सशक्त माध्यम बनकर उभरा है। यदि विद्यार्थी लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करें तो वे इस क्षेत्र में सफल करियर बना सकते हैं।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. नीता चौबे ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें सरकारी एवं बैंकिंग क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों के प्रति जागरूक करते हैं। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय भविष्य में भी विद्यार्थियों के हित में ऐसे रोजगारोन्मुखी कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने बैंकिंग भर्ती, इंटर्नशिप, प्रतियोगी परीक्षाओं और करियर से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका असिस्टेंट बैंक मैनेजर रंजीत पटेल ने विस्तारपूर्वक समाधान किया।
कार्यक्रम में डॉ. अमिताभ शुक्ला, डॉ. कविता दुबे, सुश्री शीतल वर्मा, सुश्री श्रुतिका कानसंकार एवं शिवानी मालवीय की विशेष उपस्थिति रही। कार्यक्रम का संचालन स्वामी विवेकानंद करियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ के प्रभारी डॉ. मनीष शर्मा ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन डॉ. संगीता मिश्रा ने किया।
महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. राजकुमार पटवा ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करने के लिए असिस्टेंट बैंक मैनेजर रंजीत पटेल का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी विद्यार्थियों के हित में ऐसे कार्यक्रमों में सहयोग देने का आग्रह किया।