
माखननगर। श्री माखनलाल चतुर्वेदी शासकीय महाविद्यालय माखननगर में मध्यप्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के निर्देशन तथा महाविद्यालय प्राचार्य के मार्गदर्शन में आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय विज्ञान दिवस कार्यक्रम के अंतर्गत दूसरे दिन विविध शैक्षणिक गतिविधियाँ संपन्न हुईं। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने विज्ञान विषय पर आधारित रंगोली प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम संयोजक पंकज बैरवा ने बताया कि दूसरे दिन रंगोली प्रतियोगिता के साथ-साथ विज्ञान के क्षेत्र में महिलाओं के योगदान तथा भारत के महान भौतिकशास्त्री सर सी. वी. रमन के जीवन पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म का प्रसारण किया गया। रंगोली प्रतियोगिता का संचालन श्रीमती सुषमा यादव एवं सुश्री शिवानी मालवीय द्वारा किया गया।
प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका महाविद्यालय क्रीड़ा अधिकारी डॉ. राजकुमार पटवा एवं डॉ. आकांक्षा यादव ने निभाई।
प्रतिभागियों ने वैज्ञानिक अवधारणाओं, नवाचार और पर्यावरणीय संदेशों को रंगों के माध्यम से प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम के समापन दिवस पर अतिथि व्याख्यान के साथ पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ. क्षमा मेहरा, डॉ. मनीष शर्मा, डॉ. धर्मेंद्र सिंह चौहान, डॉ. सुमन अवस्थी, श्रीमती मंजू मेहरा, श्रीमती संध्या गोलियां, स्वस्तिक रावत एवं अशोक मेहर का सराहनीय योगदान रहा। कार्यक्रम में महाविद्यालय का समस्त स्टाफ एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।