
सिवनी मालवा । भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई में लोकायुक्त संगठन मध्यप्रदेश की टीम ने सिवनी मालवा थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक राजेश परते को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। गुरुवार रात हुई इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, सतवासा निवासी रेवाराम प्रजापति का अपने रिश्तेदार से विवाद हुआ था, जिसके बाद उसके खिलाफ थाना सिवनी मालवा में रिपोर्ट दर्ज हुई। आरोप है कि इस मामले को रफा-दफा करने के नाम पर प्रधान आरक्षक राजेश परते ने 10,000 रुपये की रिश्वत की मांग की थी और लगातार दबाव बना रहा था।
शिकायत के बाद बिछाया जाल
पीड़ित ने मामले की शिकायत दुर्गेश राठौर (पुलिस अधीक्षक, लोकायुक्त भोपाल) से की। शिकायत का सत्यापन होने के बाद लोकायुक्त टीम ने 26 मार्च 2026 को ट्रैप प्लान तैयार किया।
लोकायुक्त टीम ने योजना के तहत आरोपी को 2200 रुपये की रिश्वत लेते हुए थाना परिसर में ही पकड़ लिया। पूरी कार्रवाई योगेश देशमुख (पुलिस महानिदेशक लोकायुक्त) के निर्देश और मनोज सिंह के मार्गदर्शन में की गई।
किन धाराओं में मामला दर्ज?
आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
इस कार्रवाई में उप पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र सिंह, निरीक्षक रजनी तिवारी, निरीक्षक घनश्याम मर्सकोले सहित लोकायुक्त की विशेष टीम शामिल रही।