Bhopal News : प्रधानमंत्री के भोपाल आगमन की तैयारियां जोरों पर, एक हजार महिलाएं आएंगी

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में 31 मई को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी महिला महासम्मेलन में शामिल होंगे। इसे लेकर तैयारी तेज हो गई है। महिला महासम्मेलन की तैयारियों की कमान बीजेपी की एक हजार महिला कार्यकर्ता संभालेंगी। इसे लेकर 27 मई को प्रदेश भाजपा कार्यालय में बड़ी बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में एक्टिव महिला कार्यकर्ताओं को टोली दायित्व सौंपा जाएगा। इससे पहले शनिवार को पार्टी के प्रदेश कार्यालय में 31 मंडलों की बैठक आयोजित की गई।

कार्यक्रम की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी

जानकारी के मुताबिक पार्टी अगले तीन दिन में कमेटी बनाएगी और इन्हीं कमेटियों की जिम्मेदार महिला कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। जानकारी के लिए बतादे कि यह कार्यक्रम लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है।

महिला मोर्चा की बैठक में बनी रणनीति

महासम्मेलन की व्यवस्थाओं को लेकर शनिवार को प्रदेश कार्यालय में भोपाल जिले की महिला मोर्चा की बैठक हुई। बैठक में भाजपा प्रदेश महामंत्री भगवान सबनानी, मोहन सरकार में मंत्री कृष्णा गौर, महापौर मालती राय, पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष सीमा सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष रविंद्र यती, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष वंदना जाचक एवं मनोज राठौर भी मौजूद रहे। बैठक में आयोजन संबंधी टोली बनाने को लेकर चर्चा की गई। बैठक में सभी 31 मंडलों से दो-दो महिला प्रतिनिधियों को बुलाया गया था। यहां तय हुआ है कि 27 मई की शाम पार्टी की 1000 महिला कार्यकर्ताओं की बैठक होगी, जिसमें दायित्व सौंपे जाएंगे। पीएम मोदी महिला सम्मेलन में आ रहे हैं, इसलिए सभी प्रमुख कार्य महिलाओं को ही सौंपने का निर्णय लिया गया है।

हर मंडल से 20 नाम तय किए

पीएम मोदी के कार्यक्रम के लिए पार्टी ने भोपाल की महिलाओं को जिम्मेदारी सौंपने के लिए हर मंडल से 20 नाम तय किए हैं। इसमें से दो महिला कार्यकर्ताओं को शनिवार की बैठक में बुलाया गया था। अब प्रदेश संगठन के साथ होने वाली बैठक में सभी मंडलों से आने वाली महिला प्रतिनिधियों के साथ 1000 महिला कार्यकर्ता, पदाधिकारी को बुलाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!