भारतीय किसान संघ का आंदोलन, 6 जुलाई से नर्मदापुरम में अनिश्चितकालीन धरना

माखननगर। भारतीय किसान संघ तहसील माखननगर की एक आवश्यक बैठक ग्राम शिवपुर में आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश एवं केंद्र सरकार द्वारा समर्थन मूल्य पर मूंग खरीदी के लिए निर्धारित सीमा को किसान विरोधी बताते हुए इसका विरोध करने का निर्णय लिया गया।


भारतीय किसान संघ के पदाधिकारी उदय पांडेय ने बताया कि सरकार द्वारा प्रति एकड़ केवल 1 क्विंटल 20 किलोग्राम मूंग ही समर्थन मूल्य पर खरीदे जाने का निर्णय लिया गया है। इससे किसानों में भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि यदि सरकार संपूर्ण उपज समर्थन मूल्य पर नहीं खरीदेगी, तो प्रत्येक किसान को औसतन 10 हजार रुपये प्रति एकड़ तक का आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा।


इसी मुद्दे को लेकर भारतीय किसान संघ जिला नर्मदापुरम के नेतृत्व में 6 जुलाई (सोमवार) से जिला मुख्यालय स्थित पीपल चौक पर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित प्रांत अध्यक्ष सर्वज्ञ दीवान ने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर किसानों को सरकार के इस निर्णय की जानकारी देने तथा अधिक से अधिक किसानों को आंदोलन में शामिल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि किसान विरोधी निर्णयों को बदलवाने के लिए संगठित होकर लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करना आवश्यक है।


भारतीय किसान संघ ने तहसील क्षेत्र के सभी किसानों से अपील की है कि वे 6 जुलाई को पीपल चौक, नर्मदापुरम पहुंचकर किसान हित में आयोजित धरना-प्रदर्शन में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें और अपनी आवाज बुलंद करें।


बैठक में प्रांत अध्यक्ष सर्वज्ञ दीवान, संभागीय सदस्य बृजेश राजपूत, जिला उपाध्यक्ष लखनलाल चौधरी, जितेंद्र मीणा, तहसील अध्यक्ष राजेश दीवान, तहसील मंत्री गोपाल मीणा, हितेश चौधरी, गोविंद सीठा, शुभम मीणा, मोहित चौधरी, जगदीश मीणा, सुशील मीणा, धर्मपाल जाट, नरेंद्र कुमार मीणा, कैलाश मीणा, नितेश मीणा, आर.डी. मीणा, भूरेलाल चंद्रवंशी, शशिकांत मीणा, पुष्पराज राजपूत सहित बड़ी संख्या में किसान एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

image_pdfimage_print

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!